ठेके पर उसकी चप्पलें गिरी हुई थी। इसके बाद ठेकेदार सुरेश ने इसकी शिकायत बवानीखेड़ा थाना में दी और पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज किया। मंगलवार सुबह सूचना मिली कि ठेके से करीब 12 किलोमीटर दूर हांसी में सोरखी-भाटोल रोड पर सोरखी गांव की खेतों में सफेदे के पेड़ से रामपाल का शव बंधा हुआ है। सूचना पर बवानीखेड़ा थाना पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। शव को रस्सियों और चादर से पेड़ से बांधा हुआ था।
मृतक के मुंह से खून आ रहा था जबकि शरीर पर अन्य कोई चोट का निशान नहीं था। यहीं पर सीन ऑफ क्राइम की टीम को बुलाया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हांसी अस्पताल में ले जाया गया। पुलिस ने मृतक के बेटे सतीश के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। देर शाम गमगीन माहौल में गांव में शव का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के एक लड़का और दो लड़कियां हैं। तीनों की शादी हो चुकी है।
मृतक के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है और सिर्फ मुंह से खून आया है। उसके शव चादर और रस्सी से पेड़ से बांधा हुआ था। अभी तक यह खुलासा नहीं हो पाया है कि हत्या कैसे की गई। फिलहाल पुलिस भी इस पहलू पर जांच कर रही है कि कहीं साक्ष्य मिटाने के लिए हत्या कहीं और कर शव यहां तो नहीं बांधा गया। पुलिस ने विसरा जांच के लिए भेजा है जिसके आधार पर ही हत्या के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
आधे घंटे के दौरान किया गया अपहरण
सेल्समैन का आधे घंटे के दौरान ही ठेके से अपहरण किया गया। ठेकेदार की मानें तो वे 10 बजे तक वहां थे और उसके बाद गए हैं जबकि पुलिस को दी शिकायत में मृतक के बेटे सतीश ने बताया कि वह साढ़े 10 बजे पहुंचा तो ठेका बंद था और लाइट भी बंद थी। ऐसे में आधे घंटे के दौरान ही सेल्समैन का अपहरण किया गया।
सेल्समैन रामपाल का अपहरण कर हत्या की गई है। सोरखी गांव में शव पेड़ से बंधा हुआ मिला है। हत्या कैसे की गई, अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। विसरा जांच के लिए भेजा गया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। -दिलबाग सिंह, एसएचओ बवानीखेड़ा थाना