गांव ईशरनगर मार्केट स्थित कांग्रेस उम्मीदवार मनवीर कौर गिल के कार्यालय में सोमवार रात सफेद रंग की स्कार्पियो में आए 7-8 लोगों ने तोड़फोड़ की।
उन्होंने कार्यालय में रखी कुर्सियां इधर-उधर फेंक दी और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया। मनवीर कौर के भतीजे सिमरदीप सिंह ने पुलिस को इसकी शिकायत दे दी है।
सिमरदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि रात करीब 8:30 बजे कार्यालय के पास हिमाचल नंबर की सफेद स्कार्पियो में 7-8 लोग आए। उन्होंने कार्यालय के आगे लगे टैंट के पाइप उखाड़ दिए और पास खडे़ एक युवक ने जब इसका विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी व कपडे़ फाड दिए। वह किसी तरह जान बचाकर भाग गया।
स्कार्पियो में आए लोगों ने कार्यालय में पड़ी कुर्सियां भी बाहर फेंक दी। इसके बाद पिंजौर की ओर फरार हो गए। सिमरदीप सिंह ने बताया कि स्कार्पियो पर एक पार्टी के पोस्टर भी चस्पे थे। इस घटना के बाद मनवीर कौर गिल भी रात में ही कार्यालय पहुंची और मौके का जायजा लिया। बहरहाल, पिंजौर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।