एक क्षेत्रीय राजनीतिक दल के प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार कर रहे वाहन से एक रिवाल्वर, पांच बुलेट व तलवार बरामदगी के बाद सनसनी फैल गई। घ्ाटना हरियाणा के तोशाम की है।
पुलिस ने गाड़ी में सवार तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके अलावा दो अन्य गाड़ियों से करीब एक लाख की नगदी बरामद की गई।
मामला मंगलवार सायं करीब साढे़ पांच बजे का है। तोशाम से भिवानी की ओर जाने वाले मार्ग पर सागवान चौक के पास एसडीओ पब्लिक हेल्थ एनआर राणा की टीम व पुलिस पार्टी निरीक्षण में जुटी थी। उन्होंने एक पार्टी का प्रचार कर रही फॉर्चूनर गाड़ी रूकवाई।
गाड़ी से निकले एक युवक ने अपने आपको पार्टी प्रत्याशी का निजी गनमैन बताया। एक युवक ने अपनी पहचान गलत बताई। कागजात की जांच की तो गाड़ी से प्रचार की अनुमति थी। गाड़ी की तलाशी ली तो एक बैग में कुछ कपड़ों के साथ एक अवैध रिवाल्वर, मैगजीन व पांच कारतूस मिले। रिवाल्वर ऑटोमेटिक यूएसए निर्मित है। गाड़ी की डिग्गी से तलवार भी मिली।
एसडीओ एनआर राणा ने बताया कि तीनों की पहचान खांडाखेड़ी गांव वासी नवीन कुमार, झज्जर जिले के गोहड़ वासी दीपक व दिल्ली के मुबारकपुर वासी राजा के रूप में हुई। दीपक ने अपनी पहचान गलत बताई थी। उन्होंने बताया कि तीनों को तोशाम थाना पुलिस के हवाले कर दिया है और हथियार भी पुलिस को सौंप दिए है।
अब पुलिस ही जांच करेगी कि ये किस उद्देश्य से यहां आए है। मामले की जांच कर रहे एसएचओ देसराज सिंह ने बताया कि तीनों युवक पुलिस हिरासत में है और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट व धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया है। रिवाल्वर अवैध है। अभी जांच की जा रही है कि इन युवकों का कोई आपराधिक रिकार्ड तो नहीं है।
दो वाहनों से मिले एक लाख
आदर्श आचार संहिता की पालन के लिए गठित टीम ने मंगलवार को जांच के दौरान खानक के पिंजोखरा मोड़ से दो वाहनों से करीबन एक लाख की नगदी बरामद की है।
वाहन में सवार लोग नगदी के बारे में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। मंगलवार दोपहर बाद सिंचाई विभाग के उपमंडल अधिकारी नौरंगराय के नेतृत्व में गठित एसएसटी टीम खानक के पिंजोखरा मोड पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बोलेरो व आल्टो गाड़ी आई।
चैंकिग के दौरान बोलेरों में सवार लीलूराम से 57 हजार 400 सौ व आल्टो गाड़ी में सवार जितेंद्र से 55 हजार रुपये की नगदी बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान नगदी को लेकर कोई संतोषजनक जबाब नहीं मिला। टीम ने पूरी वीडियोग्राफी कर गाड़ी के कागजात और नगदी जब्त कर ली।