बठिंडा जिला पुलिस ने मंगलवार को गांव भैणीवाघा के पास नाके के दौरान टोयोटा में सवार दंपति से दो करोड़ 99 लाख 35 हजार रुपये की करंसी पकड़ी है। दंपति ने पुलिस को बताया कि उसका एक दोस्त बिल्डिंग निर्माण का काम करता है और यह सारे पैसे उसके है। पुलिस ने करंसी सील कर दंपति को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी मनधीर सिंह ने बताया कि दंपति डेरा सच्चा सौदा समर्थक है।
एसएसपी ने बताया कि डीएसपी सिमरजीत सिंह और एएसआई अवतार सिंह ने गांव भैणीवाघा के पास नाका लगाया था। शक होने पर उन्होंने एक गाड़ी को रोका। कार में सिरसा निवासी निर्मल सिंह और सुखचैन कौर सवार थे। जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो बैग में रखे लगभग तीन करोड़ रुपये मिले। मौके पर मशीन के जरिए जिला मजिस्ट्रेट की हाजिरी में सारी करंसी की गिनती करवाई गई।
इस संबंध में इनकम टैक्स विभाग बठिंडा के डिप्टी डायरेक्टर को भी सूचित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इसकी अगली पड़ताल संबंधित विभाग करेगा। बाकी जब पुलिस को आदेश होंगे, वह बनती कार्रवाई करेगी।
पुलिस को दिया था पैसे का लालच
सूत्रों के अनुसार निर्मल सिंह की ससुराल मानसा के गांव दलियावाला में है। वहीं यह रकम रखी जानी थी। जब पुलिसकर्मी उसकी गाड़ी की तलाशी ले रहे थे तो उसने उन्हें पैसे का लालच दिया था। इसके बाद जब पुलिसकर्मी दंपति को थाना सदर में ले गए तो उन्होंने थाना प्रभारी को भी मोटी रकम की पेशकश की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 102 के तहत केस दर्ज कर लिया है।