चंडीगढ़ के ज्वेलरी शोरूम में लूट
- फोटो : amar ujala
सेक्टर-17 स्थित फॉरएवर डायमंड शोरूम में 14 करोड़ के हीरों की लूट का षड्यंत्र रचने के आरोपी मालिक दोनों भाइयों रजनीश वर्मा और विनोद वर्मा में से विनोद ने जिला अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। याचिका में उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट भी लगाई है और खुद को बीमार बताते हुए निजी अस्पताल में भर्ती होने की बात कही है।
उन्होंने यूटी पुलिस पर आरोप लगाया कि वह लूट के आरोपियों को तो पकड़ नहीं पा रही, उल्टा उन्हें ही केस में फंसा रही है। याचिका पर मंगलवार को जिला अदालत में सुनवाई होगी। शोरूम मालिक और पंचकूला निवासी रजनीश वर्मा और विनोद वर्मा के खिलाफ शनिवार को सेक्टर-17 थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। इससे पहले पुलिस ने एफआईआर में लूट की धारा लगाई थी। पुलिस ने यह कार्रवाई शोरूम मैनेजर अजय कुमार के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने के बाद की थी।
विनोद की ओर से याचिका दायर करने की एडवोकेट संजीव त्रिखा ने पुष्टि की है। याचिका में कहा गया है कि 1 मई को उनके शोरूम में 14 करोड़ रुपये की लूट हुई थी। लुटेरे करोड़ों के डायमंड लूटकर ले गए। इसके अलावा वह सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी साथ ले गए। उन्होंने इसकी सूचना समय से पुलिस को दे दी थी।
याचिका के अनुसार इसके बाद पुलिस लुटेरों को तो पकड़ नहीं सकी, उल्टा उन्हें ही इस मामले में आरोपी बना दिया। उनके अनुसार पुलिस ने उनके स्टाफ को जबरन धमकाकर उनसे बयान ले लिए हैं।
याचिका के अनुसार पुलिस उनके परिवार के सदस्यों को भी मानसिक तौर से परेशान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 7 मई की सुबह 7 बजे पुलिस उनके घर पहुंची और पारिवारिक सदस्यों से बयान देने के लिए दबाव बनाया। इसके अलावा याचिका के साथ उन्होंने पंचकूला सेक्टर-21 स्थित एक निजी अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट भी लगाई है। उनके अनुसार पुलिस के मानसिक शोषण के कारण उनकी तबीयत खराब हुई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।