उम्र मात्र 27 साल और चोरी की 31 वारदातें। ये प्रोफाइल है, हरियाणा के हिसार जिले में जवाहर नगर निवासी नौजवान रॉबिन का। जो लग्जरी लाइफ जीने के शौक में अपराध के दलदल में फंसा। यह खुलासा शुक्रवार को पंचकूला पुलिस की पूछताछ में हुआ है। इसके अलावा रॉबिन को सुपर चोर बंटी बहुत पसंद था। इसलिए वह बंटी की फोटो को हमेशा अपनी जेब में रखता था। पंचकूला पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर रॉबिन को छह दिन के रिमांड पर लिया है।
विज्ञापन
रॉबिन पंचकूला सेक्टर-12 ए निवासी इनेलो नेता दिलबाग नैन की कार चोरी कर चर्चा का विषय बना था। रॉबिन पर हिसार, दिल्ली, चंडीगढ़, गुड़गांव में 31 मामले दर्ज हैं। रॉबिन चोरी करते करते इतना शातिर हो गया था कि वह किसी भी घर में पार्क लग्जरी गाड़ी देखकर बेझिझक घुस जाता था। उसका बात करने का ढंग इतना रौबदार था कि नौकर और गार्ड बातों में आ जाते थे। इतना ही उसके लिए काफी होता था और वह कार को लेकर रफूचक्कर हो जाता था।
पुलिस के अनुसार रॉबिन दिल्ली के देवली गांव में अपनी एक महिला मित्र के संग लिव इन रिलेशन में रहता था। उसका समय क्लब और पब में बीतता था। पंचकूला पुलिस के उपायुक्त अनिल कुमार धवन ने बताया कि रॉबिन को लाने के लिए सीआईए स्टाफ, पचंकूला की टीम इंचार्ज नरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में गठित की गई। यही टीम रॉबिन को पंचकूला थाना सेक्टर-5 में 18 जुलाई 2016 को दर्ज धारा 380 के मामले के संबंध में रिमांड पर लेकर आई है। रॉबिन फ्रेंड्स कालोनी, जवाहर नगर थाना सिविल लाइन हिसार का रहने वाला है।
विज्ञापन
रॉबिन ने अब तक पुलिस की पूछताछ में बताया है कि उसने ही पंचकूला से दो फॉरच्यूनर चोरी की थी। पुलिस के अनुसार रॉबिन ने यह भी स्वीकारा है कि वह अलग-2 शहरों से गाड़ियां सुबह 5 से 6 बजे के बीच चोरी करता था। पुलिस ने रॉबिन को कोर्ट में पेश करके 6 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। रिमांड के दौरान पंचकूला सेक्टर-14 में दर्ज चोरी की गई फॉरच्यूनर को बरामद करने और अन्य वारदातों बारे भी खुलासा होने की संभावना है।
हरकतों से परेशान हो किया बेदखल
रॉबिन ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसकी हरकतों से परेशान होकर परिवार ने उसको वर्ष 2014 में बेदखल कर दिया था। उसके खिलाफ पहली एफआईआर 2003 में हिसार सिटी में दर्ज की गई। उसने फिल्म ओए लकी लकी आए देखी।