सेक्टर-70 में हुई लाखों रुपये की चोरी को अभी चौबीस घंटे भी नहीं बीते थे कि चोरों ने फेज-1 स्थित एसएसपी आफिस से कुछ ही दूरी पर स्थित बंद पड़े घर को निशाना बनाया। चोर घर से लाखों रुपये की ज्वेलरी, कई देशों के डॉलर और नगदी उड़ा ले गए। घर के मालिकों ने इस संबंधी पुलिस को शिकायत दे दी है।
जानकारी के मुताबिक चोरों ने मकान नंबर-658 को निशाना बनाया। चोर दीवार फांद कर मकान में आए और कैंची गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद घर के ग्राउंड फ्लोर के तीनों कमरों में जो सामान उनके हाथ लगा उड़ा ले गए।
घर की मालकिन सबरजीत ने बताया कि उनके पिता प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। उनका पूरा परिवार चार दिन पहले गांव छोटी मच्छलीकलां गया हुआ था। जब वह सोमवार सुबह सेक्टर-68 के पास पहुंचे तो उनके पड़ोसी ने उन्हें बताया कि घर के पिछले गेट का ताला टूटा हुआ है। जब घर के अंदर आकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और चोर छह तोले का सोने का हार, कई देशों के डॉलर ओर सात हजार के करीब नगदी चुराकर ले गए। इसके अलावा एक सिलेंडर भी गायब है। मौके पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बंद घर में इस साल की ये दूसरी वारदात
बंद घर में यह इस साल की दूसरी चोरी है। इससे पहले सेक्टर-69 में आढ़ती के घर में चोरी हुई थी। चोर लाखों की ज्वेलरी व नगदी ले गए थे। इसके अलावा चोरों ने घर में काफी तोड़ फोड़ की थी। इससे पहले तीन जवनरी को फेज-1 स्थित गुप्ता मेडिकल स्टोर में भी चोरी हुई थी, लेकिन अभी तक पुुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है।
चंडीगढ़ का जंगल भी है मुसीबत
जिस मकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया। उसके ठीक पीछे चंडीगढ़ का एरिया लगता है। वहां पर झाड़ियां और जंगल है। इसे साफ करने के लिए कई बार इलाके के लोग चंडीगढ़ प्रशासन को लिख चुके हैं, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है।