दो नशेड़ी युवक दिनदिहाड़े दुकान से सिलेंडर चोरी करके भाग रहे थे। एक को लोगों ने दबोच लिया, दूजा फरार हो गया। घटना चंडीगढ़ के गांव धनास की है। दोनों युवक बाइक पर सवार थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार धनास स्थित टेलर की दुकान पर सिलेंडर चोरी करता एक युवक पकड़ा गया।
दरअसल, शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे बाइक सवार दो युवक दुकान के सामने आकर रूके। इस बीच एक युवक बाइक स्टार्ट करके खड़ा रहा जबकि दूसरा युवक तेजी से दुकान के अंदर गया। उसने किसी से कुछ भी पूछे बिना दुकान से सिलेंडर उठाया और भागने लगा।
दुकानदार के शोर मचाते ही तीन चार लोगों ने दुकान के बाहर ही आरोपी को दबोच लिया। जबकि, दूसरा आरोपी बाइक स्टॉर्ट करके फरार होने में कामयाब हो गया। इसके बाद लोगों ने उसकी धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान विक्रम उर्फ विक्की निवासी मोहाली के रूप में हुई है।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी नशे की लत की वजह से वारदात को अंजाम देता है। फिलहाल, एक दिन की रिमांड में पुलिस पूछताछ करने में लगी है। वहीं, सात दिनों पहले उसी ब्लॉक में पंकज किराना स्टोर में ऐसी वारदात हुई थी।
एक्टिवा सवार दो युवक आते है और दुकान के अंदर से सिलेंडर लेकर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित पंकज ने बताया कि पुलिस चौकी में गए। लेकिन, उन्होंने बताया कि एफआईआर लिखने वाला है नही तो तुम बाद में आना।