फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंक के कैशियर और गार्ड पर दराती से हमला कर लूटे एक लाख, गार्ड की हुई मौत

Fri, 23 Nov 2018 12:39 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भिवानी (हरियाणा)
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : डेमो
विज्ञापन

भिवानी के गवर्नमेंट कॉलेज स्थित एसबीआई की शाखा में गार्ड और कैशियर पर दराती से वार कर एक नकाबपोश ने एक लाख रुपये लूट लिया। बदमाश ने बैंक के दरवाजा अंदर से बंद कर गार्ड पर छह वार करने के साथ ही उसकी बंदूक भी छीन ली। नकाबपोश द्वारा दराती से ताबड़तोड़ हमला करते देख बैंक के अंदर मौजूद सभी लोग सहम गए। बैंक मैनेजर ने हमलावर की नजर से बचकर दरवाजा खोला और अपनी जान बचाई। 

विज्ञापन


मैनेजर के बाहर निकलते ही हमलावर भी उसके पीछे ही बाहर निकल गया। खून से लथपथ गार्ड दरवाजे के पास गिर पड़ा। गंभीर हालत में गार्ड को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। परिजन उसे पीजीआई ले जाने की बजाए हिसार के एक निजी अस्पताल में ले गए जहां उसकी मौत हो गई है। वहीं बैंक के पीछे ही बदमाश का अंगोछा, शर्ट और गार्ड से छीनी गई बंदूक मिली है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वारदात सुबह 11:49 बजे की है। गवर्नमेंट कॉलेज के साइकिल स्टैंड के पास स्थित एसबीआई की शाखा के अंदर घुसकर नकाबपोश ने सबसे पहले गार्ड विद्या नगर निवासी ईश्वर पर दराती से वार किया। एक साथ कई वार करने से गार्ड लहूलुहान होकर दरवाजे के पास गिर पड़ा। इसके बाद कैशियर रामनिवास पर भी वार किया। उस समय चार स्टाफ सदस्यों के अलावा दो विद्यार्थी शाखा में थे। इसके बाद बदमाश ने दराती दिखाकर मैनेजर को डराकर एक लाख रुपये लूट लिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

 किसी तरह मैनेजर वहां से जान बचाकर भागा तो बदमाश भी उसके पीछे-पीछे बाहर निकल गया। वहां पर मौजूद विद्यार्थियों ने घायल गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया। लेकिन गार्ड के परिजनों ने उसे उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। 

पुलिस ने छानबीन की तो बैंक के पीछे कच्चे रास्ते पर बदमाश को अंगोछा मिला तो करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर उसकी शर्ट मिली। कुछ ही दूरी पर गार्ड से छिनी बंदूक पड़ी मिली। बैंक मैनेजर अजय गौतम ने बताया कि हमलावर एक लाख रुपये लूटकर ले गया। काउंटर के दूसरे रैक में सात लाख रुपये भी रखे थे। पुलिस ने बैंक से सीसीटीवी फुटेज लेने के अलावा चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी में पीछे की ओर लगे कैमरे की फुटेज भी खंगाली। पुलिस ने मैनेजर के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने बताया कि थाना पुलिस, चौकी पुलिस, विजिलेंस व अन्य पुलिस टीमें मामले की जांच कर रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें