चंडीगढ़ सेक्टर 35/43 चौक लाइट प्वाइंट पर रेड लाइट होने से पहले तेजी से निकलने के चक्कर में एक ब्रेजा कार आगे से निकल रही ऑल्टो कार में जा भिड़ी। इसके बाद एक के बाद एक चार गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। इसमें एक महिला समेत तीन लोग गंभीर जख्मी हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ियों के एयरबैग तक खुल गए। मौके पर पुलिस बुलाई गई। घायलों को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया।
इस दौरान सेक्टर 34/35 वाली सड़क पर गाड़ियों की करीब एक किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। यह देख एक इंजीनियर युवक सड़क पर उतर कर चौक से जाम को खुलवाने के बाद रूट को वहां से डायवर्ट कर दिया। हादसे में ऑटो चालक विक्रम, एक्टिवा सवार हरभजन समेत एक महिला घायल हुई है। सेक्टर 44/34 की ओर से तेज रफ्तार ब्रेजा कार आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शी राम किशन ने बताया कि पहले ब्रेजा ने ऑल्टो कार को जबरदस्त टक्कर मारी।
इसके बाद एक के बाद एक चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं। देखते ही देखते सेक्टर 35/43 चौक पर 5 गाड़ियां चपेट में आ गईं। इसमें ऑटो, जायलो, आई-10, ऑल्टो, एक्टिवा शामिल थी। हादसा इतना जबरदस्त था कि ऑल्टो कार चालक और उसमें बैठी महिला, एक्टिवा सवार व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गए। शोर शराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसकी सूचना सेक्टर 43 चौकी इंचार्ज राजेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जाम को खुलवा रहे सेक्टर 34 निवासी अमरदीप सिंह ने बताया कि वह आईटी सेक्शन में काम करते हैं। इधर से गुजर रहा था तो सड़क हादसा हो गया। चौक पर जाम ने लग जाए, इसे देखते हुए रूट को डायवर्ट कर दिया।
आरोपी चालक गिरफ्तार
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया हादसा रेड लाइट के लिए बचे कुछ सेकेंड के दौरान हुआ। पुलिस के अनुसार, इस दौरान ब्रेजा चालक ने स्पीड बढ़ा दी, जिस कारण सड़क हादसा को हो गया। आरोपी ने पुलिस को बयान में बताया कि वह मानसा से आया था। सेक्टर 36 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मानसा निवासी ब्रेजा चालक विंदर सिंह के खिलाफ आईपीसी 279 और 337 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।