सेक्टर-25 के सीटीयू वर्कशाप के पास एक झगड़े की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पीसीआर के हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह से दो भाई उलझ गए और दोनों ने हेड कांस्टेबल की वर्दी फाड़ने के साथ साथ उससे हाथापाई भी की।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने शराब पी हुई थी। सूचना पाकर चौकी पुलिस ने आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इसी सेक्टर के रहने वाले ओमबीर और बिंटू के रूप में हुई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को वीरवार जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे सेक्टर-25 के रहने वाले युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी कि उसके दो भाई ओमबीर व बिंटू आपस में झगड़ रहे हैं।
सूचना पाकर मौके पर जब पीसीआर की जिप्सी पहुंची, तो उस जिप्सी में तैनात हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह से दोनों भाई उलझ गए। दोनों ने कुलदीप सिंह की वर्दी फाड़ते हुए उससे हाथापाई की।
सेक्टर-11 पुलिस थाना प्रभारी मलकीयत सिंह का कहना है कि दोनों भाई शराब के नशे में थे। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।