पंजाब के पटियाला में सेवानिवृत्त सूबेदार ने गोली मारकर गोवंश को मार दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विक्रमजीत सिंह निवासी गगन विहार के तौर पर हुई है।
थाना बख्शीवाला के प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि अब तक की पूछताछ में सेवानिवृत्त सूबेदार ने बताया है कि गोवंश ने पैदल जा रही उनकी पत्नी को टक्कर मार दी थी। पत्नी को गंभीर चोट आई है। इसी बात पर उसने अपनी लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक से गोवंश पर गोली चला दी। गोली लगने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। उधर, विभिन्न हिंदू जत्थेबंदियों ने इस वारदात की निंदा पर आप सरकार के राज में पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। हिंदू जत्थेबंदियों ने गोवंश को मार डालने की घटना में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।