बहन के लव मैरिज करने से गुस्साए भाइयों ने अपने घर वालों के साथ मिलकर दामाद को किया अगवा। मामला रेवाड़ी का है। राजस्थान के भीलवाड़ा की एक विशेष समुदाय की लड़की से लव-मैरिज कर धारूहेड़ा रहने वाले जोड़े में से युवक को लड़की के भाइयों ने अपने साथियों के साथ शनिवार देर रात अगवा कर लिया जबकि लड़की किसी तरह उनके चंगुल से बचकर धारूहेड़ा थाना पहुंच गई। सूचना मिलने पर धारूहेड़ा पुलिस राजस्थान पुलिस से संपर्क किया और करीब बारह घंटे बाद अपहृत युवक को बरामद कर लिया। वहीं मामला दर्ज कर आरोपी भाई व अन्य की तलाश की जा रही है।
धारूहेड़ा में रह रहे थे किराए के मकान पर
जानकारी के अनुसार राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी मनीष सोनी व उसके पड़ोस में रहने वाले विशेष समुदाय की युवती सबरीना के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों का धर्म अलग होने के चलते उन्होंने करीब दो महीने पहले भागकर शादी कर ली और हाल में वे धारूहेड़ा में किराए का मकान लेकर रहे थे। सबरीना के परिजन दोनों की तलाश में थे कि रविवार को उन्हें दोनों के धारूहेड़ा में होने की भनक लगी। रात में लड़की के भाई इकबाल ने मनीष का अपहरण कर लिया। जबकि उसकी बहन बचकर पुलिस थाने पहुंच गई। मनीष शादी से संतुष्ट हुए अपने माता-पिता को छोड़ने के लिए बस अड्डे तक आया था।
मनीष-सबरीना के घर पर पुलिस सुरक्षा
सबरीना और मनीष के माता-पिता पर खतरे को देखते हुए धारूहेड़ा पुलिस ने उक्त किराए के मकान की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात किये हैं। यह टीम फिलहाल 24 घंटे घर के बाहर रहेगी। वहीं धारूहेड़ा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भीलवाड़ा पुलिस ने मनीष को बरामद कर लिया है। आरोपी इकबाल और अन्य अज्ञात साथियों की तलाश की जा रही है।
मनीष राजस्थान पुलिस के पास है और उसके लाने के लिए एक टीम रवाना हो चुकी है। मनीष से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस अपरहण के पीछे इकबाल नागौरी की मंशा क्या थी। -अमन कुमार, एसएचओ, धारूहेड़ा थाना