नशे में धुत दामाद का ससुराल में हंगामा
- फोटो : amar ujala
रेवाड़ी में नारनौल से ससुराल आए दामाद के साथ बेटी भेजने से मना किया तो नशे में धुत दामाद ने अपने ब्लेड से कई वार कर बांये हाथ की नस और कई अन्य जगह से काट डाला। यही नहीं युवक ने रोकने आए कुछ युवकों को भी ब्लेड से वार कर घायल कर दिया। घायल युवक निजी नर्सिंग होम में उपचाराधीन है। वहीं सिटी थाना क्षेत्र की स्थानीय भाड़ावास गेट पुलिस चौकी मामले की जांच कर रही है।
दो महीने पहले पीट-पीटकर पत्नी का तोड़ा था पैर
जानकारी के अनुसार नारनौल निवासी विजय सैनी (31) शादी-ब्याह में खाना बनाने का काम करता है। उसकी शादी दस साल पहले रेवाड़ी के भाड़ावास गेट के पास रहने वाली पूजा से हुई थी। इनके दो बच्चे प्रशांत और हिताक्षी हैं। पूजा के भाई बलराम ने बताया कि विजय आए दिन पूजा से मारपीट करता था। यही नहीं करीब दो महीने पहले नशे के आदी विजय सैनी ने पूजा को पीट-पीटकर पैर तोड़ डाला था। इसके बाद बलराम अपनी बहन पूजा को रेवाड़ी वापस ले आया था। यहीं उसका उपचार चल रहा था।
सालों-सास पर भी किये ब्लेड से वार
बलराम ने बताया कि रविवार सुबह विजय नशे में धुत होकर पूजा को लेने पहुंचा। मना किया तो उसने पहले से ही रखे ब्लेड को निकालकर उस पर, बड़े भाई कृष्ण, मां कमला पर भी ब्लेड से वार कर घायल कर दिया। इसके बाद घर के बाहर आकर मोहल्ले के सामने ही खुद का हाथ भी कई जगह से काटा। इसके बाद ससुरालपक्ष ही विजय को घायल अवस्था में अस्पताल ले गए। जहां उसका उपचार चल रहा है।
एसआई कर्ण सिंह, चौकी प्रभारी, भाड़ावास गेट पुलिस चौकी ने बताया कि पूजा और उनके परिवार की ओर से शिकायत मिल गई है। मोहल्ले वालों के साथ ही अन्य लोगों के बयान लिये जाएंगे। मामले की जांच की जा रही है।