एनआरआई जिम की ट्रेनर से दुराचार की घटना
- फोटो : Demo pic
पंजाब के लुधियाना में गन प्वाइंट पर लेकर एनआरआई जिम की ट्रेनर से दुराचार की घटना सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी जसविंदर वालिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यही आरोपी आईपीएस अधिकारी के खिलाफ प्रेस कांफ्रेंस कर प्रॉपर्टी दबोचने के आरोप लगाने के बाद चर्चा में आए थे।
महिला ने शिकायत में बताया कि 23 जून को आरोपी उसे अपने घर ले गया और वहां पिस्तौल के जोर पर उससे दुराचार किया। महिला ने इसकी शिकायत एनआएआई विभाग को दी। यहां मामले की जांच के बाद थाना सराभा नगर की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मामले के जांच अधिकारी हरजिंदर कौर ने बताया कि शिकायतकर्ता महिला ने 23 जून को ही पुलिस को दुराचार की शिकायत दी थी। इसमें महिला ने लिखा था कि वह फिरोजपुर रोड स्थित एक जिम में ट्रेनर थी। वहां आरोपी जसविंदर वालिया उसे तंग करता था। इस वजह से उसने दूसरे जिम में नौकरी कर ली। इसके बाद भी वह उसे परेशान करता रहा।
23 जून को आरोपी उसे अपने घर ले गया और रेप किया। इसके बाद आरोपी ने उसे धमकियां भी दी। पुलिस के मुताबिक मामला एनआरआई महिला का होने के कारण उसने एनआरआई विभाग में शिकायत की गई थी। इसपर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।