हत्या और रेप के मामले में पैरोल पाकर फरार होने वाले बिहार के सहरसा निवासी मोहम्मद मोहफिल को बीस साल बाद पीओ सेल ने दबोच लिया।
पीओ सेल के सब इंस्पेक्टर हरी ओम ने आरोपी को बिहार स्थित उसके गांव से पकड़ा और बुधवार चंडीगढ़ लेकर पहुंचे। वहां से पुलिस ने आरोपी को जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
यह था मामला
बिहार के सहरसा निवासी मोहम्मद मोहफिल ने 1989 में मोहाली में एक महिला से दुराचार कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। मोहाली फेस एक में पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार किया था। मोहाली की अदालत ने उसे 1990 में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। सजा के बाद आरोपी को बुडै़ल जेल में शिफ्ट किया गया था। मई 1994 को मोहम्मद मोहफिल ने बुडै़ल जेल से 28 दिन की पैरोल हासिल की थी। पैरोल मिलने के बाद आरोपी वापिस जेल नहीं लौटा था। इसके बाद अदालत ने उसे भगौड़ा घोषित कर दिया था।
बेल जंप करने वाले को पकड़ने के दिए थे हाईकोर्ट ने आदेश
पैरोल हासिल कर वापिस न आने वाले कैदियों को पकड़ने के लिए पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ पुलिस को आदेश जारी किए थे। इसके बाद पीओ में पैरोल जंप करने वाले आरोपियों को पकड़ने के लिए एसआई हरीओम के नेतृत्व में टीमें बनाई गई थीं।