शहर के प्रतिष्ठित चंडीगढ़ क्लब पर एक छापे में छह करोड़ रुपये मूल्य का दुर्लभ सी कोरल (समुद्री मूंगा) बरामद किया गया है। पीपल फार एनिमल्स (पीएफए) की टीम ने वन्यजीव संरक्षण विभाग और पुलिस के साथ मिलकर यह कार्रवाई की।
यह सी कोरल फिश एक्वेरियम में लगा था। इस का कुल वजन 88 किलो 400 ग्राम आंका गया। एक्वेरियम क्लब के प्रवेश द्वार के पास ही रखे हैं। पीएफए के सदस्यों के अनुसार केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को किसी ने क्लब में सी कोरल होने की जानकारी दी थी।
इसके बाद दिल्ली से आई टीम ने पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की। कार्रवाई करने वाली टीम में डीएसपी आशीष कपूर, पीएफए के प्रवक्ता सौरभ गुप्ता और स्थानीय पदाधिकारी चेतन शर्मा भी मौजूद थे। पीएफए की शिकायत पर सेक्टर-3 पुलिस ने मामला भी दर्ज किया है। इस कार्रवाई से चंडीगढ़ क्लब में अफरातफरी मच गई। मौकेपर क्लब की ओर से उनके प्रबंधक ए खान भी मौजूद थे।
सात साल पहले दिल्ली से लाए
चंडीगढ़ क्लब के अध्यक्ष संदीप साहनी का कहना है कि साल 2007 में दिल्ली से इस एक्वेरियम को खरीदा गया था। इसमे पहले से डेकोरेशन पीस पड़े हुए थे। क्लब की ओर से गैरकानूनी तरीके से सी कोरम नहीं रखा गया है।
अभी एफआईआर नहीं
पुलिस ने मामले में डीडीआर दर्ज कर ली है मगर अभी एफआईआर नहीं की गई है। पुलिस के अनुसार सी कोरल को जांच के लिए सीएफएसएल भेजा जाएगा। उसकी रिपोर्ट की आधार पर ही मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस को मामले की शिकायत दिल्ली पीएफए के पदाधिकारी गौरव गुप्ता की ओर से दी गई।
क्लब को बचाने का आरोप
पीएफए के प्रवक्ता सौरभ गुप्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर अंजान बन रही है और चंडीगढ़ क्लब को बचा रही है। जो कोरल बरामद हुआ है, वह दुर्लभ प्रजाति का है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत छह करोड़ रुपये से ज्यादा है।