पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सब-डिवीजन-2, पंजाब लोक निर्माण विभाग (भवन और सड़क) के जेई राजन कुमार को 12 हजार रुपये रिश्वत लेने और 7 हजार रुपये और रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को मौड़ मंडी निवासी गुरमेल सिंह की सीएम एंटी करप्शन हेल्पलाइन पर दी गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
विजिलेंस के प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जेई ने गांव कराड़वाला में मोहल्ला क्लीनिक की मरम्मत और बिजली बिलों की रकम पास करने के बदले कुल राशि का पांच प्रतिशत के हिसाब से 12 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। आरोपी जेई यह रकम शिकायतकर्ता के पिता डिप्टी सिंह से पहले ही हासिल कर चुका है। अब तीन प्रतिशत के हिसाब से सात हजार रुपये की और रिश्वत मांग रहा था। इसकी रिकॉर्डिंग शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो को बतौर सबूत सौंपी।
प्रवक्ता ने बताया कि विजिलेंस ब्यूरो ने शिकायत की जांच के दौरान आरोपों को सही पाया। इसी आधार पर जेई राजन कुमार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत थाना विजिलेंस ब्यूरो रेंज बठिंडा में मामला दर्जकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।