प्रेसवार्ता करते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब की जेलों में बंद दो गैंगस्टरों से पूछताछ के बाद पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान से आई हथियारों की खेप बरामद की है। हथियारों की यह खेप गैंगस्टरों के ठिकानों से बरामद की गई है। इस खेप में ऑस्ट्रिया निर्मित नौ एमएम ग्लॉक व चीन निर्मित सीएफ- 97 पिस्तौल, चार देसी पिस्तौल 315 बोर और 12 कारतूस शामिल हैं। रोपड़ रेंज एवं डीआईजी एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने शुक्रवार को इसकी जानकारी मीडियो को दी।
उन्होंने बताया कि तरनजोत सिंह उर्फ तन्ना को थाना सरहिंद में सितंबर माह में एक केस दर्ज में नामजद किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि तन्ना को पाकिस्तान में रहने वाला लखबीर सिंह रोडे उर्फ बाबा ने 11 आधुनिक हथियारों की खेप भेजी थी। इनमें नौ हथियारों को बरामद कर लिया गया है। मगर अभी दो हथियारों की तलाश है।
उन्होंने बताया कि अमृतसर के लोपोके में उसके दोस्त के घर से एक सीएफ-98 पिस्तौल और दो पिस्तौल को बरामद किया गया है। फतेहगढ़ साहिब के एसएसपी डॉ. रवजोत गरेवाल ने बताया कि तरनजोत तन्ना के खुलासे के बाद पुलिस कपूरथला जेल में बंद एक और गैंगस्टर जसपाल सिंह उर्फ जस्सी को भी पूछताछ की खातिर लाई थी। इसके बाद उसके दोस्त के घर से दो देसी पिस्तौल व ग्लॉक पिस्तौल बरामद की।
तरनजोत तन्ना का नाम हाल ही में बठिंडा से संबंधित एक फिरौती केस में सामने आया है। इसमें गोल्डी बराड़, मनप्रीत उर्फ मन्ना व तरनजोत उर्फ तन्ना का नाम सामने आया। पुलिस का कहना है कि सरहद पार से आने वाले हथियारों के बारे में पता लगाया जा रहा है।