प्लाट के रास्ते को लेकर हुए झगड़े में रविवार की रात गोली मारकर शिअद के पूर्व सरपंच के बेटे की हत्या कर दी गई। थाना भिखीविंड पुलिस ने शिअद के ही पूर्व पार्षद और उसके बेटे समेत 15 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार शिअद के पूर्व पार्षद सतिंदर पासी के बेटे गुरप्रीत सिंह पासी ने खेमकरन रोड पर कालोनी का निर्माण किया था।
कालोनी के साथ ही शिअद के पूर्व सरपंच काले साह के बेटे मंदीप मोनू का पेट्रोल पंप है। मोनू ने पास में ही एक प्लाट ले रखा था। इसके रास्ते को लेकर गुरप्रीत पासी का मंदीप मोनू के साथ झगड़ा चल रहा था। इसी को लेकर सतिंदर पासी और उसका बेटा गुरप्रीत पासी कई बार मंदीप को जान से मारने की धमकी दे चुके थे।
रविवार रात को हुए झगड़े में गुरप्रीत ने मंदीप को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक के जीजा दिनेश कुमार ने थाना भिखीविंड की पुलिस को बताया कि प्लाट के रास्ते को लेकर सतिंदर पासी और उसका बेटा गुरप्रीत काफी परेशान कर रहे थे।
थाना प्रभारी गुरचरण सिंह ने बताया कि वारदात वाली जगह के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर गुरप्रीत पासी, उसके पिता सतिंदर पासी, भाई चरणजीत सिंह के अलावा हरभजन सिंह, सुरजीत सिंह निवासी भिखीविंड, कुलबीर सिंह, गुरनाम सिंह निवासी अमृतसर और 8 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। एसएसपी ध्रुमन एच निंबाले ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापे मारे जा रहे हैं।