हिंदू नेता संजीव घनौली को मिली धमकी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर में हिंदू नेता सुधीर सूरी की गोली मारकर हत्या की सनसनीखेज वारदात के बाद अब एक और हिंदू नेता को धमकी मिली है। शिवसेना पंजाब के प्रधान संजीव घनौली को मंगलवार जान से मारने की धमकी मिली है। किसी ने उन्हें विदेशी नंबर से कॉल कर जान से मारने की धमकी दी है। घनौली इसकी सूचना डीजीपी को दे चुके हैं।
वहीं, रूपनगर पुलिस प्रशासन द्वारा संजीव घनौली की सुरक्षा बढ़ाते हुए उन्हें बुलेट प्रूफ जैकेट दी गई है। संजीव घनौली ने बताया कि हिंदू नेता सुधीर सूरी की हत्या के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। विदेशों में बैठे कट्टरपंथी सोच वाले लोगों ने हिंदुत्व विचारधारा की बात करने वालों को अगला निशाना बनाने की धमकी दी है।
संजीव घनौली ने बताया कि विदेशी नंबर (+1-778-924-4704) से व्हाट्सएप पर उन्हें कई फोन आए। पहले तो वे इसे नजर अंदाज करते रहे, लेकिन जब उन्होंने एक कॉल सुनी तो फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा, ‘अमृतसर में सुधीर सूरी की तरह तुझे और तेरी संस्था से जुड़े शिवसेना के नेताओं अमित अरोड़ा और सचिन घनौली को भी मार दिया जाएगा।’
धमकी देने वाले ने कहा कि वह पाकिस्तान से बोल रहा है। खास यह है कि कॉलर ने उनसे पहले जय श्रीराम बोल कर बातचीत की शुरुआत की। फिर धमकियां देकर कहा कि इस काम के लिए करीब 200 लोग लगे हैं, जो सुधीर सूरी जैसा कांड करेंगे। कॉलर ने कहा कि सचिन घनौली और अमित अरोड़ा भी अगला निशाना बन सकते हैं। संजीव घनौली ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घनौली पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है।
साथ ही उन्होंने डीजीपी पंजाब से भी जल्द मुलाकात की बात कही। डीएसपी रूपनगर अजय कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नेता को पुलिस की ओर से बुलेट प्रूफ जैकेट दी गई है। गौर हो कि संजीव घनौली के पिता की भी आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। तब से ही संजीव आतंकियों का विरोध करते रहे हैं। अब संजीव भी आतंकियों और गैंगस्टरों के निशाने पर हैं।