भिखीविंड के मेन चौक पर बुधवार की रात ड्यूटी कर रहे बीएसएफ जवानों पर एसयूवी चढ़ाने की कोशिश की गई। बैरीकेड तोड़कर भागने में सफल अज्ञात कार सवार के खिलाफ थाना भिखीविंड पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस एसयूवी का सुराग लगा रही है।
थाना भिखीविंड के एसएचओ राजबीर सिंह ने बताया कि बीएसएफ की 4 बटालियन मालदा वेस्ट बंगाल के सब इंस्पेक्टर विजय सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि बुधवार की रात साढे़ नौ बजे के बीच वह और उनकी बटालियन के जवान भिखीविंड के मेन चौक पर ड्यूटी के दौरान कारों की चैकिंग कर रहे थे। इस दौरान खेमकरन की ओर से एक तेज रफ्तार कार एक्सयूवी गाड़ी आई, जिस पर पीले रंग का झंडा लगा हुआ था।
रुकने का इशारा करने पर चालक ने गाड़ी रोकने की बजाए बैरीकेड को तोड़ दिया गया व गाड़ी को जवानों पर चढ़ाने की कोशिश की। जवानों ने सावधानी से अपना बचाव किया। गाड़ी तेज रफतार से पट्टी की ओर फरार हो गई। एसएचओ राजबीर सिंह ने बताया कि सब-इंस्पैक्टर विजय सिंह के ब्यानों पर अज्ञात गाड़ी के सवार व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई आरंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया इलाके के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही एसयूवी के बारे में पता लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।