मकान मालिक का बेटा आनंद भंडारी वीरवार को ड्यूटी खत्म करके घर पहुंचा तो घर के ताले टूटे हुए थे। जब वह घर में दाखिल हुआ तो आलमारी से दो युवक सामान चोरी कर रहे थे।
इस पर उसने शोर मचा दिया। चोरी कर रहे युवकों ने उस पर बेसबाल के डंडे से हमला कर दिया और भाग निकले। इतने में बाहर पड़ोसी मनीष गोसाईं आ गए और उन्होंने युवकों का पीछा किया।
इतने में एक युवक बाइक से भाग गया, जबकि दूसरा पैदल ही। आनंद भंडारी ने चोरों का पीछ़ा किया और राहगीर से लिफ्ट लेकर बाइक सवार चोर को सुखना लेक के पास दबोच लिया।
भंडारी की शिकायत पर भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने भंडारी का मेडिकल करवाया तो उसके सिर में 12 टांके आए। हादसे में मनीष को भी मामूली चोट आई। घटना वीरवार को सेक्टर-7 स्थित सरकारी मकान नं. 214 में हुई।
आनंद भंडारी ने बताया कि उनके पिता मथुरा सिंह हरियाणा सेक्रेट्रिएट में सुपरिटेंडेंट हैं और वह माउट व्यू में ड्यूटी खत्म करके घर लौटे था।
उन्होंने बताया कि चोर घर से दो सोने की चेन, दो हीरे की अंगूठी और बीस हजार रुपये लेकर फरार हो गए। पकड़े गए चोर की पहचान रामदरबार निवासी किशन के रूप में हुई।
किशन ने पूछताछ में बताया कि चोरी का सामान दूसरा साथी ले गया। आनंद भंडारी की शिकायत पर सेक्टर-26 थाना पुलिस ने कृष्ण कुमार और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस पकड़े गए चोर से उसके साथी और चोरी हुए सामान के बारे में पूछताछ कर रही है। किशन ने पुलिस को बताया कि उसने और उसके साथी ने पंचकूला, सेक्टर 29 , 27 और 7 में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस नहीं पकड़ पा रही थी चोर को
सेक्टर-22 , 23 और सेक्टर 7 के सरकारी क्वार्टर में चोरी करने वाले चोर चंडीगढ़ पुलिस के सिरदर्द बना हुआ है। चोरी को चंडीगढ़ पुलिस तो नहीं पकड़ सकी, लेकिन सेक्टर-7 निवासी आंनद भंडारी और मनीष गोसाईं ने हिम्मत और हौसला करते हुए चोर का पीछा कर उसे दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि ऐसे युवकों को सम्मानित करवाया जाएगा।
छह से ज्यादा हो चुकी हैं चोरी
सेक्टर-7 निवासी प्रीतम सिंह ने बताया कि पिछले तीन महीने में सरकारी क्वार्टर में करीब आधा दर्जन चोरी की वारदात हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि क्वार्टर में रहना मुश्किल हो गया है। घर में कोई भी कीमती सामान रखने से डर लग रहा था।