सेक्टर-25 स्थित साउथ कैंपस पंजाब यूनिवर्सिटी में सोमवार रात को कुछ युवकों ने सिक्योरिटी गार्ड की बुरी तरह पिटाई कर दी। घायल गार्ड को सेक्टर-16 अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना रात करीब 10.30 बजे की है। साउथ कैंपस स्थित गर्ल्स हॉस्टल नंबर 9 के साथ सेक्टर-25 कालोनी में जाने के लिए बने गेट पर सिक्योरिटी गार्ड सुनील कुमार तैनात था।
कालोनी के 4-5 लड़कों ने गार्ड को देर रात गेेट खोलने के लिए कहा। गेट नहीं खोलने पर सभी लड़कों ने सुनील पर हमला कर दिया। देर रात काफी देर युवक गार्ड को पीटते रहे और फिर वहां से भाग निकले।
हादसे में सुनील के मुंह और आंखों पर गंभीर चोटें आई हैं। इस संबंध में गार्ड ने पुलिस में शिकायत दी है। बता दें कि पीयू नियमों के तहत 7.30 बजे के बाद गेट बंद कर दिया जाता है।