शहर के मिनी बाईपास पर स्थित कुमार होटल पर शुक्रवार दोपहर पुलिस ने छापामारी कर होटल की आड़ में चलाए जा रहे वेश्यावृत्ति का पर्दाफाश कर होटल संचालक, सप्लायर व एक युवती को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। छापामारी का पता चलने पर हजारों लोग होटल के बाहर एकत्रित हो गए इससे रोड पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस कर्मचारियों ने भीड़ हटाने की काफी कोशिश की, लेकिन भीड़ होटल के बाहर से नहीं हटी। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस होटल के अंदर रही।
दोपहर ढाई बजे पुलिस आरोपियों को होटल से बाहर लेकर आई तो लोगों ने मोबाइल से वीडियो फिल्म बनानी शुरू कर दी। महिला थाना प्रभारी सुनीता व शहर थाना प्रभारी विनोद काजला आरोपियों को पुलिस थाने लेकर चले गए। हालांकि होटल के बाहर खड़ी भीड़ के अनुसार होटल में पांच युवक और पांच युवतियां है, लेकिन डेढ़ घंटे बाद जब पुलिस ने आरोपियों को निकाला तो केवल तीन लोग ही थे। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली भी संदिग्ध रही।
पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर को सूचना मिली थी कि बाईपास स्थित कुमार होटल में वेश्यावृति चल रही है। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार का एक फर्जी ग्राहक होटल में भेजा। सप्लायर संदीप मेहता उर्फ सोनू निवासी अनाज मंडी सिरसा ने ग्राहक से पांच हजार रुपये लेकर उसे लड़की दिखाई। फर्जी ग्राहक ने पुलिस टीम को फोन किया तो महिला थाना प्रभारी सुनीता रानी ने दोपहर एक बजे होटल में छापामारी करके सप्लायर संदीप मेहता, होटल संचालक गौरव निवासी राम कॉलोनी व एक युवती को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में पता चला कि युवती पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग की रहने वाली है और काफी समय से दिल्ली के सकेत नगर में रह रही है। सप्लायर संदीप उसे दिल्ली से 16 हजार रुपये में सिरसा लेकर आया था।
तीन बार पड़ चुकी है होटल में रेड
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
कुमार होटल में पुलिस पहले भी दो बार छापामारी कर चुकी थी। करीब पांच महीने पहले हुडा चौकी का मुंशी एक महिला के साथ इस होटल में आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया था। दो महीने पहले इस होटल में पुलिस ने फिर रेड मारी तो कई जोड़े होटल के अंदर मिले। पुलिस ने उक्त दोनों मामलों को रफादफा कर दिया। इस होटल में अनैतिक काम होने से इसके आसपास रहने वाले लोग काफी परेशान थे। उन्होंने पुलिस को कई बार कार्रवाई के लिए कहा लेकिन पुलिस ने कार्रवाई की जहमत नहीं उठाई। अब पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर ने लोगों की सूचना पर होटल में छापामारी करने के निर्देश पुलिस को दिए थे, तब जाकर पुलिस ने कार्रवाई की है।
व्हाट्सएप पर ग्राहकों को भेजता था फोटो
सप्लायर संदीप मेहता काफी समय से वेश्यावृत्ति के धंधे में लिप्त है। पुलिस ने उसके मोबाइल की जांच की तो पता चला कि संदीप व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों को लड़कियों की फोटो भेजता था। ग्राहक को जो फोटो पसंद आती संदीप वो लड़की उसके पास भेज देता। उसके मोबाइल में सैकड़ों लड़कियों की फोटो मिली हैं। ग्राहकों की डिमांड पर सप्लायर संदीप दिल्ली, मुंबई व गोवा से लड़कियां बुलाता था।
होटल के अंदर पुलिस कर्मचारियों के लिए आए कोल्ड ड्रिंक व चिप्स
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को पुलिस की तरफ से होटल में की गई छापामारी के दौरान अंदर कई जोड़े मौजूद मिले थे। सूत्रों की मानें तो पांच युवतियां व छह युवक होटल के अंदर कमरों में थे। महिला थाना प्रभारी सुनीता, साइबर सेल इंचार्ज, खैरपुर चौकी पुलिस व सुरक्षा शाखा के कर्मचारी डेढ़ घंटा अंदर रहे। मीडिया कर्मियों ने अंदर जाने का प्रयास किया तो पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक दिया। पुलिस कर्मचारियों के लिए कोल्ड ड्रिंक व चिप्स के पैकेट अंदर पहुंचाए जाते रहे।
ढाई बजे पुलिस कर्मी बाहर निकले तो तीन लोग ही उनकी हिरासत में देखकर सभी हैरान रहे गए, क्योंकि आरोपियों की संख्या 11 बताई जा रही थी। सूत्रों का कहना है कि दोपहर बाद जब सब लोग होटल के बाहर से हट गए तब बाकी लोगों को होटल के अंदर से निकाला गया। पुलिस ने रहमदिली दिखाते हुए मुख्य लोगों को हिरासत में लेकर अन्य को जाने दिया। होटल के अंदर पुलिस की बंद कमरे में डेढ़ घंटे की कार्रवाई पर सवालिया निशान लग गए ।
पुलिस ने कुमार होटल में रेड मारकर वेश्यावृति का पर्दाफाश किया है। इस मामले में होटल संचालक गौरव निवासी राम कॉलोनी, सप्लायर संदीप मेहता उर्फ सोनू निवासी अनाज मंडी व युवती के खिलाफ वेश्यावृति अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। सुरजीत सहारण, जिला पुलिस प्रवक्ता सिरसा।