ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट से किडनी गायब करने और पट्टी छोड़ देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
घटना हरियाणा के पानीपत में सुखदेव नगर की है। आरोप इलाके के निजी अस्पताल नवदीप हॉस्पिटल के संचालक और एक अन्य चिकित्सक पर लगे हैं। मामले में पुलिस ने संचालक और चिकित्सक समेत 3 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला पिछले साल अप्रेल में इस अस्पताल में उपचार करवाने आई थी, लेकिन ऑपरेशन के बाद भी वह स्वस्थ नहीं हुई और हालत बिगड़ती गई। परिजनों ने दिल्ली में चिकित्सकों को दिखाया और जांच करवाई तो पता चला कि उसकी बायीं किडनी गायब है और पेट में एक पट्टी भी मौजूद है।
6 बार ऑपरेशन किए, 10 लाख भी ले लिए
जानकारी के अनुसार इसराना क्षेत्र के गांव पलड़ी में रहने वाली सोनिका पत्नी दीपक को वर्ष 2014 में छाती में दिक्कत हुई थी। इसी दौरान सोनिका के मायके (बुड़शाम) में रहने वाले नरेंद्र ने उसे पानीपत में स्थित नवदीप अस्पताल अस्पताल में इलाज की सलाह दी।
नरेंद्र ने उसे बताया कि वह भी इसी अस्पताल में कार्यरत है। सोनिका नवदीप अस्पताल पहुंची तो डॉ. नवदीप गोयल ने बताया गया कि उसकी किडनी में कुछ दिक्कत है और ऑपरेशन करना पड़ेगा। 15 अप्रैल 2014 में इसी अस्पताल में सोनिका का ऑपरेशन कर दिया गया। कुछ दिनों बाद उसे छुट्टी दे दी गई, लेकिन सोनिका को कोई आराम नहीं हुआ।
दिक्कत बढ़ती गई। वह फिर से डॉक्टर गोयल के पास गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि डॉ. गोयल और उनके सहयोगी डॉ. बोधराज ठाकुर ने सोनिका के छह बार ऑपरेशन किए और इसके बदले 8-10 लाख रुपये ले लिए। फिर भी उसकी हालत ठीक नहीं हुई।
दिल्ली में करवाई जांच तो हुआ खुलासा
सोनिका की हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे दिल्ली ले गए। वहां एक निजी अस्पताल में जांच के दौरान पता चला कि उसकी बांयी किडनी गायब है और शरीर में पट्टी छोड़ रखी है। डाक्टरों ने उसकी पूरी जांच की और पूरे केस की वीडियोग्राफी कर सीडी बनाई।
पुलिस ने सोनिका की शिकायत के आधार पर डॉ. नवदीप गोयल, डॉ. बोधराज ठाकुर और सहकर्मी बुड़शाम निवासी नरेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता का आरोप है कि नरेंद्र व डॉक्टर उसे और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दे रहा है।
पिछले साल सोनिका इलाज करवाने आई थी। हमने अपनी तरफ से कोई कसर नहीं रखी। इससे पहले भी वे इलाज में लापरवाही की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन जांच में आरोपी सही नहीं पाए गए। अब मामला दर्ज हुआ तो जांच के दौरान सभी तथ्य रखे जाएंगे।
- डॉ. नवदीप गोयल, निजी अस्पताल संचालक, पानीपत