तरावड़ी पुलिस का चौंकाने वाला कारनामा सामने आया है। बताया जाता है कि पुलिस ने शुक्रवार को नगर निगम के डिप्टी मेयर मनोज वधवा के अकाउंटेंट मोहित पोपली के कब्जे से गुप्त सूचना के आधार पर 70 लाख रुपये की नकदी बरामद की थी।
पुलिस पर आरोप है कि बरामद किए गए 70 लाख में से पुलिस ने 16.42 लाख रुपये बरामदगी में दिखाए जबकि शेष 54 लाख रुपये बरामद नहीं दिखाये।
मामले की भनक डीसएपी जितेंद्र गहलावत व डीएसपी सिटी विवेक चौधरी को लगी तो जांच की गई। पुख्ता सबूत और खामियां मिलने के बाद पुख्ता डीएसपी सिटी विवेक चौधरी की शिकायत पर इंस्पेक्टर जसमेर गुलिया, एएसआई शिवचरण, एएसआई जितेंद्र के खिलाफ परिवेंशन आफ क्रप्शन एक्ट 13(1) सी, व धारा 7 के तहत केस दर्ज किया गया।
जसमेर सिंह गुलिया समेत तीन सस्पेंड
बरामदगी में खेल
- फोटो : अमर उजाला
देर रात 12 बजे केस दर्ज किया गया था। वहीं करनाल के कार्यकारी पुलिस अधीक्षक सुमेर प्रताप सिंह ने तीनों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है और मामले की विभागीय जांच के लिए डीएसपी जितेंद्र गहलावत को जांच सौंपी गई है।
वहीं दूसरी ओर बरामद रकम को कब्जे में लेकर आयकर विभाग भी जांच कर रहा है। हालांकि शेष नकदी को बरामद करने के लिए पुलिस की ओर से प्रयास जारी है।
बता दें कि जसमेर सिंह गुलिया इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी है। वह एशियाड में गोल्ड मेडल जीत चुकी टीम के खिलाड़ी रहे हैं। इसके अलावा प्रो कबड्डी लीग में तेलगु टाइटनस का भी हिस्सा रहे। राज्य सरकार ने उन्हें उनके खेल के मद्देनजर ही पुलिस इंस्पेक्टर बनाया था।