पीजीआई के हॉस्टल में छापेमारी की गई। कमरों से डॉक्टरों के पास से शराब की बोतलें और लड़की मिली। रोहतक। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के हॉस्टल में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के आदेश पर छापेमारी की गई। इस दौरान हॉस्टल के कमरों से डॉक्टरों के पास से शराब की बोतलें और लड़की मिली। यही नहीं डॉक्टरों के साथ आउटसाइडर्स भी मौजूद थे। ऐसे में अधिकारियों ने इसकी रिपोर्ट बनाकर कुलपति को सौंप दी। अब कुलपति इस रिपोर्ट को एचएम को सौंपने की तैयारी में हैं।
सूत्रों की मानें तो स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के पास 13 हाउस सर्जन और उनके कमरा नंबर तक की लिखित शिकायत भेजी। शिकायत में बताया था कि इन कमरों में डॉक्टर लड़कियां लाते हैं। इनमें से कई लड़कियां संस्थानों के अन्य विभागों की भी होती हैं। साथ ही रात में शराब के नशे में होने की वजह से कई बार डॉक्टर हंगामा करते हैं।
शिकायतकर्ता ने स्वास्थ्य मंत्री को इसकी फोटो तक भेजी थी। इस शिकायत को संज्ञान में लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने पीजीआई प्रशासन को कार्रवाई करने और रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। सूत्रों की मानें तो इसी निर्देश पर अधिकारियों ने पिछले दो तीन दिन पहले हॉस्टल में छापेमारी की।
डॉक्टर ने लड़की को बताया मंगेतर
रात को हुई छापेमारी में सच सामने आया। यहां शराब की बोतलें और लड़की मिली। जब डॉक्टर से पूछताछ की गई तो उसने लड़की को अपनी मंगेतर बताया। जबकि डॉक्टर हॉस्टल ब्लॉक ए को कपल हॉस्टल कहा जाता है। इसमें पीजीआई में तैनात डॉक्टर पेशे से जुड़े पति-पत्नी ही रह सकते हैं।
वहीं हॉस्टल में न ही सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और जो लगे हैं वह खराब हैं। जो सुरक्षा गार्ड तैनात हैं वह भी इन डॉक्टरों को रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पाते हैं। सूत्रों की मानें तो इस रिपोर्ट को गुप्त रखा गया है और इसे कुलपति को सौंप दिया गया। अब ये रिपोर्ट स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को भेजी जाएगी।