पठानकोट के थाना डमटाल पुलिस ने पंजाब-हिमाचल सीमा स्थित गांव भदरोआ में छापा मारकर नशा तस्कर के घर से हेरोइन, ड्रग मनी, गहने और वाहन जब्त किए हैं। परिवार के तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक युवक फरार है। वहीं, पुलिस ने नशा तस्कर के मकान को सील कर दिया है। आरोपियों की पहचान भदरोआ निवासी बचनी, लवजीत और अनु बाला के तौर पर हुई है। करण फरार है।
एएसपी नूरपुर अशोक रत्न ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि भदरोआ का उक्त परिवार नशा तस्करी का काम करता है। इसके बाद प्रोबेशनल डीएसपी देव राज के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के घर की अलमारी से 103.73 ग्राम हेरोइन, 2 लाख 19 हजार 220 रुपये की ड्रग मनी, 23 ग्राम सोने के जेवर बरामद हुए। इसके अलावा उनके घर से तीन कारें वरना, मारुति और इनोवा बरामद कर जब्त कर ली गई हैं। एएसपी ने बताया कि आरोपियों के मकान को सील कर दिया गया है। फरार आरोपी करण की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। वहीं, परिवार के खातों की भी जांच चल रही है।