फिल्मी स्टाइल में 84 फीट सुरंग खोदकर गोहाना में पंजाब नेशनल बैंक से करोड़ों रुपये के जेवरात व नकदी चुराने वालों का पुलिस ने 72 घंटे में पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
लेकिन गिरफ्तारी से पहले ही वारदात के मास्टर माइंड और सुरंग वाले मकान के मालिक ने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से 39 किलो सोने और चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, करीब डेढ़ माह तक प्रतिदिन चार से पांच घंटे खुदाई कर पांच लोगों ने सुरंग बनाई थी। आरोपियों ने कस्सी, खुरपा और गैती से सुरंग खोदी थी। एक आरोपी सुरंग खोदता तो दूसरा मिट्टी उठाकर तीसरे को देता था। तीसरा मिट्टी को कट्टों में भरता और चौथा आरोपी मिट्टी को दूसरे कमरे में डालकर आता था।
इनके साथ एक अन्य आरोपी आसपास नजर बनाए रखता था। पुलिस ने वीरवार को दो आरोपियों को कोर्ट में पेश कर नौ दिन के रिमांड पर लिया, जबकि एक आरोपी शाम को पुलिस के हत्थे चढ़ा। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
10 लाख के इनाम ने चोरों को पकड़वाया
पुलिस ने बैंक चोरी के मामले में आरोपियों की सूचना देने पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इसी कारण एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि गांव लाठ में दो युवक संदिग्ध हालात में घूम रहे हैं।
सूचना के बाद पुलिस ने इन दोनों युवकों को हिरासत में लिया तो पूछताछ में उन्होंने अपराध कबूला। सतीश और राजेश को छोड़कर दोनों अन्य आरोपियों का कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है। सतीश और राजेश गांव में शरारती किस्म के व्यक्तियों में शामिल थे, हालांकि ये कुख्यात अपराधी भी नहीं थे।
क्या है मामला
गोहाना स्थित पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा में सुरंग बनाकर करोड़ों रुपये की चोरी को अंजाम दिया गया था। 27 अक्टूबर की सुबह बैंक खुलने पर मामला प्रकाश में आया।
चोरों ने बैंक के 86 लॉकरों से करोड़ों रुपये के जेवरात और नकदी चुरा ली थी। चोरों ने बैंक के पास में ही खाली पड़े मकान में सुरंग बनाकर बैंक में सेंध लगाई थी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
पुलिस टीम को मिलेगा इनाम
हरियाणा के डीजीपी एसएन वशिष्ठ ने गोहाना के बैंक में चोरी की वारदात को 72 घंटे में सुलझा लिए जाने पर संबंधित पुलिस टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि टीम को पुरस्कृत भी किया जाएगा।