फ्लैग मार्च निकालने से पहले पुलिस जवानों को समझाते सिटी थाना प्रभारी।
- फोटो : अमर उजाला
पटियाला हिंसा मामले में शनिवार देर रात मामले के मास्टरमाइंड व मुख्य आरोपी बरजिंदर सिंह परवाना उर्फ सन्नी निवासी राजपुरा की मोहाली से गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने पांच और आरोपियों की गिरफ्तार किया है। इनमें शिवसेना (बाल ठाकरे) के जिला प्रधान शंकर भारद्वाज, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वाले हिंदू नेता अश्विनी कुमार उर्फ गग्गी पंडित समेत शिवदेव निवासी गांव बाल सिकंदर जिला फतेहगढ़ साहिब, दविंदर सिंह निवासी जींद और राजिंदर सिंह निवासी समाना को गिरफ्तार किया गया है।
अब इस मामले में कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पटियाला रेंज के आईजी मुखविंदर सिंह छीना, एसएसपी दीपक पारिक, डीसी साक्षी साहनी ने रविवार को सुबह एक संयुक्त पत्रकार वार्ता में बताया कि मुकदमे की पूरी पड़ताल करके किसी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पटियाला पुलिस पूरे पेशेवाराना ढंग से मामले की तह तक जाकर इस साजिश के पीछे के असल आरोपियों को बेनकाब करेगी।
आरोपियों को ऐसी सजाएं दिलाई जाएंगी, ताकि भविष्य में ऐसी हिंसक घटनाओं को अंजाम न दे सके। आईजी ने बताया बरजिंदर सिंह परवाना को मोहाली से गिरफ्तार किया गया है, जिसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेकर जांच को आगे बढ़ाएगी। आईजी ने कहा कि सनसनीखेज खबरें फैलाने वालों समेत सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री डालने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने मीडिया, खास कर इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया हैंडलर्स से अपील की है कि शांति भंग करने वाली कोई भी खबर साझी करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर कर लें। डीसी साक्षी साहनी ने कहा कि तथ्यहीन व भड़काऊ पोस्ट को आगे साझा न कर जिला प्रशासन को इस संबंध में सूचना दें।
गौरतलब है कि 29 अप्रैल को खालिस्तान मुर्दाबाद मार्च निकालने को लेकर शिव सैनिकों व खालिस्तानी समर्थकों के बीच श्री काली माता मंदिर के सामने हिंसक झड़प हो गई थी। इस मामले में इससे पहले शिवसेना (बाल ठाकरे) पंजाब के निष्कासित कार्यकारी प्रधान हरीश सिंगला, कुलदीप सिंह निवासी गांव बिजलपुर बस अड्डा ढैंठल जिला पटियाला और दलदीत सिंह रिंपल और बरजिंदर सिंह परवाना को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।