पीजीआई के इंटर्न हॉस्टल में अपने कमरे में सो रहे एमबीबीएस फाइनल ईयर के छात्र को जूनियरों ने पीट दिया। कमरे में मारपीट के बाद उसे घसीटते हुए नीचे लेकर आये और वहां भी मारपीट की गई। अन्य छात्रों व स्टाफ के आने के बाद आरोपी भाग गए। आरोप है कि मारपीट करने वाले छात्र शराब के नशे में धुत थे।
पीड़ित छात्र का मेडिकल करा दिया गया है और पीजीआई थाने में शिकायत दी गई है। पीजीआई के इंटर्न हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर गुड़गांव निवसी वैभव यादव का कमरा है। वह 2012 बैच का एमबीबीएस फाइनल ईयर का छात्र है। सोमवार देर शाम वैभव हॉस्टल में अपने कमरे में सोया हुआ था, जहां 2014 बैच के दो छात्र पहुंचे।
दोनों छात्रों ने वैभव के साथ मारपीट कर दी और उसे घसीटते हुए हॉस्टल में नीचे लेकर आ गए। वहां भी उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट होती देखकर अन्य छात्र व पीजीआई का स्टाफ पहुंच गया और किसी तरह बीच बचाव कराया। इसके बाद मारपीट करने वाले दोनों छात्र वहां से भाग गए। बताया जा रहा है कि दोनों में से एक छात्र का पहले भी मारपीट के मामले में नाम आ चुका है।