मोहाली के नयागांव में बाइक सवार तीन युवकों ने पुरानी रंजिश में पीजीआई के सफाई कर्मचारी सौरभ उर्फ मैंडी की गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने नयागांव निवासी आकाश, गुड्डू और नन्नू के खिलाफ हत्या और स्नैचिंग की धाराओं में केस दर्ज किया है। घटना के बाद पुलिस और सीआईए की टीमों ने पूरे इलाके को सील कर तलाशी अभियान चलाया। सूचना मिलने के बाद एसपी एचएस अटवाल और डीएसपी सिटी (वन) आलम विजय ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने हिमाचल प्रदेश और हरियाणा को भी अलर्ट भेज दिया है। डीएसपी आलम के मुताबिक, शाम साढ़े चार बजे मैंडी पीजीआई से ड्यूटी करके लौटा था और जनता कालोनी स्थित अपने घर के बाहर दोस्त के साथ खड़ा था। इसी दौरान दो बाइकों पर तीन युवक आए और उस पर फायरिंग शुरू कर दी। मैंडी को तीन गोलियां लगीं और वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद इलाके के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और सफाई कर्मचारी को पीजीआई पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी मैंडी के गले से सोने की चेन और जेब से पैसे भी निकाल ले गए। आरोपी आकाश और उसके घर वाले गायब नयागांव थाने के एसएचओ भगवंत सिंह रियाड़ ने बताया कि उन्होंने आकाश के घर पर दबिश दी, लेकिन वहां पर कोई नहीं मिला। मैंडी के किसी क्रिमिनल केस में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि वह मारपीट के मामलों में शामिल था।
तीन दिन पहले हुई थी लड़ाई
मैंडी के छोटे भाई प्रीतम सिंह ने पुलिस को बताया कि तीन दिन पहले उसके भाई और आकाश में लड़ाई हुई थी। इस दौरान आकाश ने मैंडी को जान से मारने की धमकी दी थी। प्रीतम ने आरोप लगाया कि आरोपी आकाश इलाके में लोगों से लड़ता रहता है। उस पर कई केस दर्ज हैं।
घरों की तलाशी ली
मामले के बाद पुलिस ने पूरे नयागांव को सील कर दिया। इस दौरान लोगों के घरों की चेकिंग की गई। आरोपियों के मोबाइल नंबर से लेकर पुलिस ने इलाके के अन्य फोन का डंप लिया है। इसके साथ ही उनके फोन पर भी नजर रखी जा रही है।