8 महीने पहले एक लड़की की मौत के बाद मुख्यमंत्री बादल की कंपनी की ऑर्बिट बस ने अब एक युवक को कुचल दिया। हादसा पंजाब के बरनाला में स्थानीय बाजाखाना रोड पर हुआ, जिसमें युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। हादसे के बाद बस का ड्राइवर इकबाल सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
मृतक युवक का नाम दर्शन सिंह पुत्र सरवन सिंह निवासी गांव नगंल, जिला बरनाला बताया जा रहा है। वह बरनाला से बाजाखाना जा रहा था।
थानेदार बलदेव सिंह ने बताया कि बस मोगा की ओर से आ रही थी और उसकी रफ्तार तेज थी। इसके चलते बस ने बरनाला से आ रहे बाइक सवार युवक को कुचल डाला, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।