झाड़ियों में मिला था बच्ची का शव।
- फोटो : अमर उजाला (फाइल)
चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में दो दिन पहले झाड़ियों में नवजात बच्ची का शव मिला था। बच्ची को झाड़ियों में फेंकने वाले माता-पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दंपती को अदालत में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया। वहीं बच्ची के झाड़ियों में फेंकने वाले दंपती ने जो दावा किया है वह चौंका देने वाला है। दंपती का कहना है कि उनके घर छठी बच्ची ने जन्म लिया था। उनकी पांच बेटियां हैं। हालांकि दंपती ने खुद को बेकसुर बताते हुए दावा किया है कि उन्होंने बच्ची को मारा नहीं है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी माता-पिता बीते 8 सितंबर की रात पीजीआई से लौट रहे थे। इसी दौरान मां के दूध पिलाते हुए बच्ची की मौत हो गई। घबराए दंपती ने शव झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि बच्ची का जन्म सातवें महीने में हुआ था, जिससे वह बेहद कमजोर थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण साफ होगा कि बच्ची की स्वाभाविक मौत हुई थी या हत्या की गई।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच अधिकारी ने बच्ची के पैर पर सेक्टर-16 अस्पताल का टैग देखा। इससे अस्पताल का रिकॉर्ड खंगाला गया और दंपती की पहचान हो गई। दोनों को सेक्टर-9 से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि जिस जगह बच्ची का शव मिला, वहां से करीब 300 मीटर दूर दंपती रहते हैं। दोनों वहीं रहकर निर्माण कार्य करते थे। मां ने 6 सितंबर को सेक्टर-16 अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया था। डॉक्टरों ने बच्ची को बेहद कमजोर और कम वजन का बताया था। आठ सितंबर को पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।