कार चालक को तेल लीकेज का झांसा देने वाला गिरोह चंडीगढ़ में पैर पसारता दिख रहा है। पुलिस ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ करने में नाकाम रही है। ऐसा ही एक मामला सेक्टर 61 पुलिस चौकी के पिछली सड़क के पास सामने आया, जहां बाइक सवार दो शातिरों ने पॉल मर्चेंट के मालिक को तेल लीकेज का झांसा देकर उनकी मर्सिडीज कार से 16.30 लाख रुपयों से भरा ब्रीफकेस उड़ा लिया।
सेक्टर 61 थाना पुलिस ने अज्ञात शातिरों के खिलाफ आईपीसी 379 और 34 के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। वारदात वीरवार सुबह करीब 11.45 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 61 पुलिस चौकी के बैक साइड वाली सड़क पर एक मर्सिडीज कार सवार के लाखों रुपये चोर ले उड़े हैं।
सूचना पर सेक्टर 36 थाना प्रभारी रणजोध सिंह समेत सेक्टर 61 पुलिस मौके पर पहुंची। मर्सिडीज कार सवार सतपाल बंसल ने बताया कि वह सुबह सेक्टर 22 ऑफिस से मोहाली फेज 7 स्थित अपने ब्रांच में जा रहा था। सेक्टर 61 पुलिस चौकी के पास पहुंचे तो उनके ड्राइवर को बाइक सवार दो युवकों ने कार की बोनट की तरफ इशारा कर तेल लीकेज की बात कही।
इसके थोड़ी देर बाद ही कार को साइड लगाकर रोक दी। इस दौरान कार से नीचे उतरकर तेल लीकेज चेक किया गया। इस दौरान ड्राइवर की पिछली सीट पर रखा ब्रीफकेस दोनों शातिर उठाकर फरार हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर 36 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, ब्रीफकेस में 16.30 लाख रुपये और कुछ जरूरी कागजात थे।