प्रसिद्ध पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में पुलिस ने रेकी करने व गाड़ियां मुहैया करवाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनको रिमांड पर लिया है। 29 मई को मानसा के गांव जवाहरके में गायक सिद्धू मूस्सेवाला की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में संदीप सिंह उर्फ केकड़ा निवासी सिरसा और प्रभदीप सिंह सिद्धू उर्फ पब्बी निवासी सोनीपत की गिरफ्तारी के बाद केकड़ा को 11 जून और पब्बी को 9 जून तक पुलिस रिमांड लिया है।
एसएचओ अंग्रेज सिंह के मुताबिक संदीप सिंह उर्फ केकड़ा और प्रभदीप सिंह सिद्धू उर्फ पब्बी को सोमवार को पंजाब पुलिस ने सिरसा के कालांवाली से गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि गोल्डी बराड़ के निर्देश पर संदीप उर्फ केकड़ा ने गायक का प्रशंसक बनकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी।
केकड़ा ने गायक सिद्धू मूस्सेवाला के साथ सेल्फी भी ली। केकड़ा ने उसके सुरक्षा कर्मी, सवारियों की संख्या व वाहनों की पूरी डिटेल और बुलेट प्रूफ वाहन न ले जाने की जानकारी शूटरों को दी। वहीं आरोपी प्रभदीप पब्बी ने जनवरी 2022 में हरियाणा से आए गोल्डी बराड़ के दो साथियों को पनाह दी थी और उनके जरिये सिद्धू मूस्सेवाला के घर के आसपास के इलाकों की रेकी करवाई थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्जकर मंगलवार को कोर्ट में पेश कर उनका पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है। थाना सिटी-1 के प्रभारी अंग्रेज सिंह ने बताया कि इस मामले में जल्द ही और गिरफ्तारियां होंगी।