पिंजौर पुलिस ने पिंजौर-पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाका लगाकर करीब 72 लाख रुपये की पुरानी भारतीय करंसी के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी विक्रमजीत सिंह पुत्र जसवंत सिंह, कर्मवीर पुत्र हरपाल सिंह को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से कोर्ट ने आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
मुख्य आरोपी से शिमला में हुई थी मुलाकात
पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता विक्रमजीत सिंह टांगरी पुत्र रणवीर टांगरी निवासी लुधियाना पंजाब ने बताया कि करीब 7 दिन पहले वह अपने साथियों के साथ शिमला घूमने गया हुआ था। वे जिस होटल में ठहरे हुए थे उसी होटल में उसकी बातचीत आरोपी करणवीर से हुई। बातचीत के दौरान उसने बताया कि उसके साथ जो व्यक्ति आए हुए हैं वह मनी एक्सचेंज का काम करते हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि 24 जनवरी को शिमला से वापिस आने के बाद आरोपी करणवीर का उसके पास फोन आया कि आपके पास बड़ी कंपनी है और सरकार ने लुधियाना की बड़ी कंपनियों को पुरानी करंसी बदलने की अनुमति दे रखी है।
आरोपी ने बताया कि उसके जानकारों के पास काफी मात्रा में पुरानी करंसी मौजूद है। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने उससे कहा कि वह उसे एक करोड़ की पुरानी करंसी बदलवाने के लिए 15 लाख रुपये देगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने एक जानकार राकेश का नंबर आरोपी को देते हुए उससे संपर्क करने के लिए कहा। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने राकेश को आगाह कर दिया था कि आरोपी गलत काम में संलिप्त है और जैसे ही सुनिश्चित हो जाएगा कि आरोपी गलत काम करते हैं तो वे पुलिस को पुरानी करंसी के साथ आरोपियों को गिरफ्तार करवा देंगे।