मोबाइल पर अश्लील मैसेज और फोटो भेजने के आरोप में एक महिला डॉक्टर ने हुडा कर्मी के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। महिला का आरोप है कि काफी समय से आरोपी उसे मैसेज भेजकर तंग कर रहा था। आरोपी हुडा विभाग में ड्राफ्टमैन है।
सेक्टर-15 पुलिस ने महिला की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर सेल से महिला एवं आरोपी के बीच फोन पर हुई बातचीत या मैसेज के आदान-प्रदान की जानकारियां जुटा रही है।
महिला ने बताया है कि वह पशु चिकित्सक है और पहले पंचकूला के सेक्टर-15 में रहती थी, अब वह चंडीगढ़ में रहती हैं। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी हुडा में ड्राफ्टमैन के तौर पर कार्यरत है। महिला ने अपने एक रिश्तेदार को आरोपी से एमडीसी में मकान किराये पर दिलवाया था।
दोनों के बीच पुरानी जान-पहचान
इस दौरान महिला का मोबाइल नंबर आरोपी ड्राफ्ट्समैन को मिल गया। कुछ दिन बातचीत के बाद आरोपी ने महिला को मैसेज भेजना शुरू कर दिया और फिर वॉट्सएप पर भी।
वॉट्सएप पर फोटो भेजने पर महिला ने आपत्ति जताते हुए ऐसा करने से मना किया। अश्लील फोटोग्राफ भेजे जाने के बाद महिला ने सेक्टर-15 चौकी में शिकायत दी। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि महिला एवं उसके बीच पुरानी जान-पहचान है और महिला भी उसे मैसेज करती थी।
महिला ने उसे कह रखा था कि जैसे ही वह उसे मैसेज करे, उसे देखने के तुरंत बाद डिलीट कर दे। वह मैसेज डिलीट कर देता था, जबकि महिला ने सभी मैसेज रख लिए थे और अब उसे फंसाने की कोशिश कर रही है।
सेक्टर-15 चौकी प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत मिली है और दोनों के बीच पुरानी जान-पहचान थी और शिकायत के बाद कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। इसकी जांच के बाद ही इस मामले में अगली कार्रवाई की जाएगी।