सोनीपत में वीरवार दोपहर बाद अमृतसर से बिहार की तरफ जा रही 15708 बरौनी एक्सप्रेस में यात्रियों से लूटपाट का मामला सामने आया है। तीन बदमाशों ने आठ लोगों के साथ दिनदहाड़े हाथापाई कर 45 हजार रुपये और चार मोबाइल छीन लिए।
आरपीएफ ने एक बदमाश को दिल्ली के सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया वहीं दो भागने में कामयाब रहे। सूचना पर पुलिस ने जांच कर मामला दर्ज कर लिया और आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर ले लिया है। इससे पहले 15 मार्च की देर शाम ऊंचाहार एक्सप्रेस में लूट की घटना हुई थी।
पीड़ित यात्रियों ने थाना जीआरपी को दी शिकायत में बताया कि वे बरौनी एक्सप्रेस से दिल्ली की ओर जा रहे थे। जब ट्रेन वीरवार दोपहर बाद सोनीपत स्टेशन से दिल्ली की तरफ रवाना हुई तो ट्रेन में चढ़े तीन युवकों ने उनके साथ लूटपाट शुरू कर दी।
विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान मोहम्मद राजा निवासी गांव श्रीपुर, जिला बेगुसराय, बिहार से 12 हजार रुपये और एक मोबाइल, अरुण निवासी समस्तीपुर, बिहार से 1100 रुपये और एक मोबाइल, मोहम्मद सद्दाम निवासी बेगुसराय, बिहार से 10 हजार, राजेंद्र कुशवाह निवासी कुशीनगर, उप्र से 12,500 रुपये और एक मोबाइल, किशन सदा निवासी सिपोर, बिहार से 3100 रुपये, अमरजीत निवासी मुजफ्फरपुर बिहार से 800 रुपये और एक वोटर कार्ड, किशनराम, मधुबनी, बिहार 1500 रुपये एक मोबाइल, मोहम्मद सद्दाम निवासी बेगुसराय, बिहार 4000 रुपये छीन लिए।
ट्रेन में सवार अन्य यात्रियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इस पर सब्जी मंडी जीआरपी से संपर्क कर मामले से अवगत कराया गया। इसके बाद सब्जी मंडी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ टीम ने एक बदमाश को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो अन्य भागने में कामयाब रहे। गिरफ्तार आरोपी दीपक निवासी गांव चिरस्मी हाल गढ़ी घसीटा, सोनीपत से पीड़ितों से छीना गया एक वोट कार्ड व एक मोबाइल बरामद किया है। थाना सोनीपत जीआरपी ने मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी। आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जल्द ही अन्य आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
राजकुमार, थाना प्रभारी, जीआरपी ने बताया कि पुलिस ने पीड़ितों के बयान पर लूट का मामला दर्ज कर लिया और एक आरोपी को काबू कर रिमांड पर लिया गया है। जल्द ही अन्य आरोपी को काबू कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।