पिता-पुत्र की लड़ाई छुड़ाने आए पड़ोसी ने अपनी जान गंवा दी। आरोपी ने पड़ोसी की हत्या करने के अलावा मृतक के बेटे और अन्य दो लोगों को घायल कर दिया। मामला पंजाब के राजपुरा का है।
सोमवार की देर शाम घन्नौर के नजदीक गांव लोह सिम्बली में गांव के लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव लोह सिम्बली के कुलदीप सिंह इंसा ने बताया कि गांव के निवासी हरबंस सिंह व उसका लड़का मंगू किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा कर रहे थे। पिता-पुत्र को लड़ते देखकर पड़ोसी बलबीर सिंह घर बाहर आ गया और मंगू के हाथ से चाकू छीनने लगा, ताकि वह अपने पिता को न मार सके।
इस पर मंगू ने बलबीर सिंह के पेट में चाकू से हमला कर दिया। यह देखकर बेटा अमरीक सिंह अपने पिता बलबीर को बचाने आया। इस पर मंगू ने उसे भी चाकू से घायल कर दिया। इसके अलावा गांव के बीरू व बेती को भी घायल कर दिया। गांववासियों के आने पर मंगू फरार हो गया।
गांववासियों ने मंगू का पीछा कर गांव जगमीतगड़ से उसे काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। सभी घायलों को अंबाला के अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
वहां इलाज के दौरान बलबीर सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मंगू के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।