पति-पत्नी में रोजाना छोटी-छोटी बातों को लेकर आपस में झगड़ा होता था, मगर रविवार रात को कुछ ऐसा हुआ कि पति ने चुनरी से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी और फरार हो गया।
घ्ाटना पंजाब के मल्लांवाला (फिरोजपुर) में गांव होला वाली की है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतका गुरमीत कौर के पिता गुरपाल सिंह निवासी वट्टू पट्टी (मक्खू) ने बताया कि उसकी बेटी की शादी हरजीत सिंह निवासी गांव होला वाली से हुई थी। गुरमीत कौर के लगभग दो साल का बेटा भी है। बेटी व दामाद में अक्सर झगड़ा होता रहता था।
घटना वाली रात को वह बेटी से मिलने पत्नी के साथ गांव होला वाली गया था। रविवार रात को किसी बात को लेकर गुरमीत कौर व हरजीत सिंह के बीच झगड़ा हो गया। उसके बाद सभी खाना खाकर अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। रात करीब डेढ़ बजे बेटी के चीखने की आवाज सुनकर जब परिवार के सभी लोग उसके कमरे की तरफ दौड़े तो देखा कि कमरे के दरवाजे में अंदर से कुंडी लगी थी।
उन्होंने खिड़की से देखा कि हरजीत सिंह चुनरी से गुरमीत कौर का गला घोंट रहा था। किसी तरह दरवाजा तोड़कर जब वे अंदर घुसे तो देखा कि गुरमीत मरी हुई अवस्था में जमीन पर गिरी हुई थी।
हरजीत वहां से भाग निकला। उधर, इस मामले की तफ्तीश कर रहे एएसआई अमर सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।