लेबनान में पैसा कमाने गए 26 वर्षीय युवक का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। परिजनों ने उसके दोस्तों पर मर्डर का आरोप लगाया है। युवक पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ के गांव कोटला डडहेड़ी का रहने वाला था।
अरब कंट्री लेबनान में युवक का कत्ल करीब 11 दिन पहले हुआ है। मृतक के परिजनों ने राजपुर के रहने वाले दो भाइयों और एक भाई की श्रीलंका की रहने वाली पत्नी पर कत्ल करने का आरोप लगाया है। मंडी गोबिंदगढ़ थाने के पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बजाए मामला विदेश का बताते हुए मृतक के पिता और फूफा बड़े अधिकारियों के पास जाने की सलाह दी।
गांव कोटला डडहेड़ी निवासी पवन कुमार ने थाने में अमर उजाला को बताया कि उनका बेटा गुरप्रीत सिंह लाड्डी लेबनान में रहकर काम करता था। बीती 11 दिसंबर की दोपहर दो बजे बेटे गुरप्रीत सिंह लाड्डी का फोन आया था और उसने घर पर दो हजार डालर भेजने को भी कहा था। उसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा।
पवन कुमार के साथ मौजूद लाड्डी के फूफा कुलदीप सिंह ने बताया लगातार फोन बंद आने पर उन लोगों ने लेबनान में रहने वाले अपने एक अन्य रिश्तेदार को लाड्डी के बारे में पता करने को कहा। कई दिन बीत जाने के बाद वहां पहाड़ियों में लाड्डी की गली सड़ी लाश बरामद हुई।
लाड्डी मुंह पर तेजाब डाला गया था और गर्दन व शरीर के अन्य हिस्सों पर किसी नुकीली चीज से वार किए गए थे। वहां की पुलिस ने लाड्डी के शव को बरामद कर अस्पताल में रखवा दिया है। लाश ज्यादा सड़ जाने के कारण वहीं अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।