ढोलेवाल मिलिट्री कैंप के पास तीन दिन पहले रात को मृत मिले ओम प्रकाश यादव (30) की हत्या उसके साथ रहने वाले चार दोस्तों ने की थी। चारों ने तेजधार हथियार से उस पर कई वार कर उसे मौत के घाट उतारा था।
पुलिस ने ओम प्रकाश की हत्या करने के आरोप में उसके चारों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी रवि कुमार, हैप्पी, पवन कुमार निवासी मुरादपुरा और मोनू मिश्रा निवासी शिमलापुरी मठाड़ू चौक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।
एडीसीपी 2 संदीप गर्ग ने कहा कि मृतक ओम प्रकाश और सभी आरोपी उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं। सभी लोग करीब एक साल पहले ही महानगर में आए थे और अलग अलग इलाकों में काम करते थे। चारों एक दूसरे के घरों में भी काफी आते जाते थे। ओम प्रकाश रवि कुमार के घर आता जाता था। इसी दौरान उसके रवि की बहन के साथ प्रेम संबंध बन गए। वह जून में रवि की बहन को भगाकर उत्तरप्रदेश अपने गांव ले गया। जब रवि और उसके दोस्तों को पता चला कि आरोपी वहां गया है तो सभी लोग वहां पहुंचे। वहां पंचायत में फैसला हुआ कि ओम प्रकाश रवि की बहन को छोड़ेगा और किसी तरह का कोई संबंध नहीं रखेगा। उसके बाद सभी आरोपी महानगर लौट आए, जबकि ओम प्रकाश वहीं रुक गया।