फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेजधार हथियार से बहू को काटकर ससुरालियों ने मार डाला

Mon, 04 Apr 2016 04:31 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लुधियाना(पंजाब)
विज्ञापन
कत्ल - फोटो : demo pic
विज्ञापन
लुधियाना के गांव मेहरबान में रविवार दोपहर दहेज के लिए ससुरालियों ने अपनी बहू को तेजधार हथियार से काट दिया। हत्या के बाद आरोपी उसका दो महीने का बेटा लेकर फरार हो गए। घटना का पता उस समय चला जब मृतक मंजीत कौर (21) की मां सुरजीत कौर पहुंची।
विज्ञापन


सूचना मिलने के बाद एसीपी साहनेवाल गुरमीत सिंह, थाना मेहरबान के एसएचओ इंस्पेक्टर दविंदर सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक मंजीत कौर की मां सुरजीत कौर के बयान पर उसके पति गुरविंदर सिंह, ससुर हरपाल सिंह, सास कुलदीप कौर, देवर मनप्रीत सिंह और देवर गुरप्रीत सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हत्या का कारण दहेज और महिला के चरित्र पर शक बताया जा रहा है।

इंस्पेक्टर दविंदर सिंह ने बताया कि मंजीत कौर की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मूल रुप से रोपड़ के गांव वजीदपुर की रहने वाली है। उसके पति का काफी समय पहले देहांत हो चुका है। उसकी दो बेटियां और एक 15 साल का बेटा है। पति की मौत के बाद घर का खर्च चलाने के लिए वह मध्यप्रदेश के भिलई स्थित गुरुद्वारा साहिब में सेवा करने चली गई थी और वहीं रहती थी। सुरजीत कौर के अनुसार मंजीत की शादी मेहरबान निवासी गुरविंदर सिंह के साथ हुई थी।
विज्ञापन


गुरविंदर होजरी का काम करता है और उनका दो महीने का एक बेटा भी है। शादी के बाद से ही आरोपी परिवार दहेज की मांग को लेकर मंजीत के साथ मारपीट करता था। पिछले सप्ताह मंजीत ने उन्हें फोन कर कहा था कि उसके ससुराल वाले उससे दहेज की मांग करते हैं और उसके साथ अक्सर मारपीट की जाती है। मंजीत के ससुराल वालों से बात करने के लिए वह बेटे के साथ शनिवार सुबह मध्यप्रदेश से लुधियाना पहुंची। पहले वह अपनी बड़ी बेटी के पास पहुंच गई।

इसी दौरान मंजीत ने दोबारा से फोन कर कहा कि उसके ससुराल वालों ने उसके साथ फिर से मारपीट की है। उसने मंजीत से कहा था कि वह रविवार सुबह उसके ससुराल आएगी। सुरजीत कौर के आने से पहले ही उसके ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए। जब सुरजीत कौर मंजीत के ससुराल पहुंची तो गेट को ताला लगा हुआ था। उसने मंजीत को फोन किया, लेकिन फोन बंद होने के कारण उसने मंजीत की सास कुलदीप कौर को फोन किया।

वह कुछ समय बाद आई और दरवाजा खोलकर खुद फरार हो गई। जब सुरजीत कौर अंदर गई थी तो अंदर खून से लथपथ मंजीत का शव पड़ा था। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। एसएचओ इंस्पेक्टर दविंदर सिंह ने कहा कि हत्या करने के लिए किरपान का इस्तेमाल किया गया है। अभी सब आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उनकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें