सुनाम में रेलवे ट्रैक पर शव रखकर प्रदर्शन करते परिजन व शहरनिवासी।
रेलवे स्टेशन के साइकिल स्टैंड पर काम करने वाले युवक की गर्दन पर किरच से हमलाकर अज्ञात हत्यारों ने युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। उक्त वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी तरफ गुस्साए परिजनों ने रेलवे स्टेशन चौक में धरना देकर इंसाफ की मांग की लेकिन शाम तक इंसाफ नहीं मिलता देख परिजन भड़क उठे। उन्होंने शव को रेलवे ट्रैक पर रखकर आंदोलन शुरू कर दिया। इस दौरान गुजरने वाली दो ट्रेनों को पहले के रेलवे स्टेशनों पर रोक दिया गया।
रेलवे पुलिस अधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम को एक युवक रेलवे परिसर से बाइक लेकर जाने लगा तो रेलवे स्टेशन के साइकिल स्टैंड पर काम कर रहे विशाल कुमार शैंटी से बहस करने लगा। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर ने किरच से विशाल की गर्दन पर हमला कर दिया। इससे विशाल की मौत हो गई।
अज्ञात हत्यारे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विशाल की मौत से गुस्साए परिजनों और आसपास के दुकानदारों ने बुधवार सुबह रेलवे स्टेशन रोड पर धरना शुरू कर दिया। दोपहर बाद आंदोलनकारियों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने शव को रेलवे ट्रैक पर रखकर आंदोलन शुरू कर दिया। इस दौरान सरकार व पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।