पुलिस व स्वाट टीम ने शातिर अपराधी को किया गिरफ्तार।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के रौता चौराहा स्थित पुलिस चौकी पर तोड़फोड़ करने के मामले में कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम ने शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। 14 जनवरी की रात रौताचौकी पर तोड़फोड़ के मामले में चौकी इंचार्ज कन्हैया पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।
बुधवार को पुलिस को सूचना मिली की कुछ अपराधी मनौरी ओवर ब्रिज के पास किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
जिसके बाद पुलिस टीम सक्रिय हो गई और उक्त स्थान पर पहुंच गई। इतने में एक व्यक्ति दिखा, पुलिस को देखते ही उसने भागने की नियत से तुरंत फायर झोंक दिया। जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे आज सुबह 3.50 पर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अंकित पांडेय निवासी नरायानपुर थाना नगर बताया।
कबूला कि 14 जनवरी की रात उसने अपने मित्र अतुल पांडेय, राहुल पांडेय, सौरभ सिंह, विमल सिंह, श्याम नरायन उर्फ धीरू उपाध्याय के साथ मिलकर नशे की हालत में अपने रिश्तेदार सुधा पांडेय के उकसाने व बहकावे में रौता चौकी पर तोड़ फोड़ किया। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में दो अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक तमंचा कारतूस व तीन सौ रुपया नकद बरामद हुआ है। बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के उपर विभिन्न धाराओं में 39 मुकदमें दर्ज है।