तेजपाल ने बताया कि इसके बाद उसका भाई कुलदीप दोनों भांजों और उनके दोस्त के साथ बैठकर शराब पीने लगा। रात करीब साढ़े आठ बजे उनके बीच पैसों को लेकर कहासुनी हो गई।
इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज की और किसी धारदार हथियार से कुलदीप के गले पर वार कर दिया। कुलदीप के गले पर कट लगने से काफी खून बह गया।
परिजन उसे बाढ़डा पीएचसी ले जाने लगे लेकिन बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को सिविल अस्पताल ले आए। मामले की सूचना पाकर बाढ़डा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने सोमवार रात ही कुलदीप के शव को मोर्चरी में रखवा दिया। मंगलवार सुबह बाढ़डा पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस शिकायत में मृतक के भाई और दोनों आरोपियों के मामा तेजपाल ने बताया कि हत्याकांड को दोनों भाइयों ने मिलकर अंजाम दिया है।
उन्होंने बताया कि कहासुनी के बाद सोमबीर ने कुलदीप के हाथ पकड़ लिए और प्रवीन ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। तेजपाल ने बताया कि वो दोनों रोहतक निवासी अपने दोस्त शेखर के साथ उसकी इनोवा गाड़ी में बेरला आए थे।
मृतक के भाई तेजपाल ने पुलिस शिकायत में बताया कि शराब पीते समय कुलदीप का प्रवीन और सोमबीर के साथ रुपयों के लेन-देन पर विवाद हो गया था। उन दोनों ने रुपये न देने पर कुलदीप की चार एकड़ जमीन पर तार खिंचवाने की धमकी भी दी थी। मृतक के भाई ने दोनों आरोपी भाइयों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग पुलिस से की है।
हत्याकांड के बाद बाढ़डा पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम पहले घटनास्थल पर पहुंची और वहां साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। इसके बाद टीम सिविल अस्पताल भी पहुंची। यहां टीम ने शव का जायजा लिया।
बाढ़डा थाना प्रभारी रामौतार ने बताया कि मृतक कुलदीप की गर्दन पर एक ही वार किया गया है। यह वार किसी धारदार हथियार से किया गया है। अधिक खून बहने के चलते कुलदीप ने दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई तेजपाल की शिकायत पर उसके भांजे सोमबीर और प्रवीन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मृतक कुलदीप का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - रामौतार, एसआई एवं बाढ़डा थाना प्रभारी