जागसी में घटना स्थल का मुआयना करते डीएसपी राजीव देशवाल व थाना प्रभारी वीरभान दहिया।
गांव जागसी में एक युवक ने अपने जीजा की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर उसकी हत्या कर दी। जीजा ने अपने साले को किसी लड़की से फोन पर बात करने से रोका था। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी साले को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक बिहार के पूर्णिया जिला का रहने वाला था और वह यहां धान की फसल की कटाई के लिए आया था।
गांव जागसी में करीब एक माह पहले धान काटने आए मुबारक (32) की सोमवार रात उसके साले इम्तियाज ने कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी। मुबारक के साथ ही उसका साला इम्तियाज व अन्य 15 लोग एक महीने पहले यहां आए थे। वह जागसी गांव निवासी कृष्ण के खेतों में बने कमरे में रहते थे। वहां रहकर ही वह धान कटाई कर रहे थे।
मुबारक के साथ रहने वाले अन्य लोगों ने पुलिस को बताया कि मुबारक का साला इम्तियाज फोन पर किसी लड़की से ज्यादा देर तक बात करता था। जिस पर उसका बहनोई मुबारक उसके टोकता था। इसको लेकर ही सोमवार को दिन में भी उनके बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद सोमवार रात आरोपी वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो गया।