गांव धड़ाक कलां में व्यक्ति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने अपने जुर्म में बेटे को भागीदार बना लिया। पुलिस ने मृतका के भाई गांव खुड्डा अलीशेर निवासी सुरिंदर सिंह की शिकायत पर बाप-बेटे के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
गांव वालों ने हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मजात पुलिस चौकी के सामने रोष प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे डीएसपी के आश्वासन के बाद लोग चौकी के सामने सड़क से हटे तभी यातायात सुचारू हो सका। बाद में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें मंगलवार को खरड़ अदालत में पेश किया जाएगा।
डीएसपी खरड़ जगमिंदर सिंह चीमा ने प्रेस कान्फेंस में हत्या का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को गांव धड़का कलां के निकट खेतों के पास सड़क किनारे एक निर्वस्त्र महिला के शव के पड़े होने की सूचना मिली थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की तो पता चला कि शव गांव की ही तरणजीत कौर (42 वर्षीय) का था। पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वायड एवं फिंगरप्रिंट माहिरों की टीम बुलाई। मौके पर पहुंचे मृतका के भाई ने संदेह व्यक्त किया उसकी बहन की हत्या उसके पति ने ही की है।
पुलिस ने प्राथमिक जांच में पाया कि मृतका का पति सुरिंदर सिंह दिहाड़ी मजदूर है। वह शराब पीने का आदी है। इस कारण आर्र्थिक तंगी के कारण घर में आए दिन झगड़ा होता रहता था। उनके दो बेटे हैं, जिनमें से बड़ा बेटा 19 वर्षीय हरप्रीत सिंह वैल्ंिडग की दुकान पर नौकरी करता है।
पुलिस ने बताया कि रविवार रात को छोटा बेटा घर पर नहीं था, जबकि बड़ा बेटा पड़ोस में गया था। पति-पत्नी में झगड़ा हो गया। आवेश में आकर सुरिंदर सिंह ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने बेटे हरप्रीत को बुलाया। सुरदिंर ने बेटे की मदद से पत्नी के शव को साइकिल पर लादकर निर्वस्त्र कर सड़क किनारे ले जाकर फेंक दिया, ताकि लोगों संदेह हो कि किसी ने तरणजीत कौर की दुराचार के बाद हत्या कर दी है।
पुलिस ने जब इस संबंध में पूछताछ की तो मृतका के बेटे हरप्रीत ने सब कुछ उगल दिया। बेटे ने पुलिस को बताया कि हत्या उसके पिता ने ही की है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेस कान्फेंस के दौरान मजात चौकी प्रभारी सरताज, सिटी थाना प्रभारी विनोद कुमार एवं सदर थाना प्रभारी सुरजीत सिंह धनौया मौजूद थे।